Trade Spotlight: बाजार इस समय मंदड़ियों के जाल में फंसा दिख रहा है। 9 मार्च को सेंसेक्स 540 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 59806 के स्तर पर बंद हुआ था। कल यानी 9 मार्च के कारोबार में बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली थी। निफ्टी कल करीब 165 अंकों की गिरावट के साथ 17600 के थोड़ा नीचे बंद हुआ था। हालांकि निफ्टी 17585 के स्तर पर स्थित 200-day EMA (exponential moving average) को बचाए रखने में कामयाब रहा था। निफ्टी ने कल डेली चार्ट पर एक बियरिश कैंडलिस्टिक पैटर्न बनाया। ये बयरिश इनगल्फिंग पैटर्न से मिलता-जुलता जो बाजार में आगे और कमजोरी आने का संकेत है।
यूएस फेड चेयरमैन की तरफ से ब्याज दरों में आक्रामक बढ़ोतरी के संकेत ने बाजार का सेंटीमेंट खराब कर दिया है। कल के कारोबार दिग्गजों की तरह ही छोटे-मझोले शेयर भी दबाव में रहे। निफ्टी मिड कैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स दोनों 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए थे। कल की कमजोरी में भी कुछ शेयर जोरदार एक्शन में थे।
मणप्पुरम फाइनेंस कल 2.5 फीसदी की बढ़त के साथ 116.5 के स्तर पर बंद हुआ था। इस स्टॉक में कल लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भारी वॉल्यूम के साथ खरादारी आई थी। इस स्टॉक ने डेली चार्ट पर लॉन्ग अपर शैडो के साथ एक बुलिश कैंडलिस्टिक पैटर्न बनाया था। लगातार 6 वें दिन इसमें हायर हाईज, हायर लोज बनता दिखा था।
सीसीएल प्रोडक्ट्स (CCL Products) भी कल 2.6 फीसदी की बढ़त लेकर 580 रुपए के हाई पर बंद हुआ था। कल इस स्टॉक में भी जोरदार वॉल्यूम के साथ खरीदारी देखने को मिली थी। RITES में भी जोरदार एक्शन देखने को मिला था। ये शेयर एनएसई पर 5.7 फीसदी की बढ़त लेकर 371 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था।
आइए जानते हैं कि अब इन शेयरों पर क्या है कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान की ट्रेडिंग रणनीति
Manappuram Finance: इस स्टॉक में अभी भी तेजी आने की संभावना बनी हुई है। ट्रेडर्स के नजरिए से देखें तो 113 रुपए के स्तर पर इस स्टॉक के लिए मजबूत सपोर्ट दिख रहा है। अगर ये स्टॉक इस सपोर्ट को बनाये रखते हुए ऊपर की तरफ मूव करता है तो फिर ये तेजी 125 रुपए तक जाती दिख सकती है।
CCL Products: जब तक ये स्टॉक 560 रुपए के नीचे नहीं फिसलता तब तक इसमें और तेजी आने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में शेयर 620 रुपए की तरफ जाता दिख सकता है।
RITES:पोजीशनल ट्रेडरों के लिए 355 रुपए का स्तर ट्रेंड डिसाइडर लेवल साबित होगा। अगर RITES 355 रुपए के ऊपर टिकने में कामयाब रहता है तो फिर इसमें 395 रुपए का स्तर देखने को मिल सकता है। वहीं, अगर ये 355 रुपए के नीचे फिसलता है तो फिर इस स्टॉक से निकल जाने की सलाह होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।