कनाडा की एलिमेंटेशन काउच-टार्ड (Alimentation Couche Tard) ने जापानी कंपनी सेवन एंड आई होल्डिंग्स (Seven and i Holdings) को खरीदने के लिए अपनी 46 अरब डॉलर की बोली वापस ले ली है। इसके चलते सेवन एंड आई के शेयरों में गुरुवार को 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई। सौदा रद्द होने के बाद सेवन एंड आई के शेयर में कुछ समय के लिए कारोबार रुक गया। जब कारोबार फिर से शुरू हुआ तो शेयर में गिरावट दर्ज की गई। सेवन एंड आई होल्डिंग्स, जापान की डायवर्सिफाइड रिटेल होल्डिंग्स कंपनी है। अगर यह सौदा हो जाता तो यह जापान की किसी कंपनी में किसी विदेशी कंपनी की ओर से अब तक की सबसे बड़ी खरीद होती।
कन्वीनिएंस स्टोर कंपनी एलिमेंटेशन काउच-टार्ड, सेवन एंड आई होल्डिंग्स को खरीद कर एक ग्लोबल कन्वीनिएंस स्टोर बनाना चाहती थी। सेवन एंड आई, 7-Eleven की पेरेंट कंपनी है। वहीं एलिमेंटेशन काउच-टार्ड, सर्किल के को ऑपरेट करती है।
काउच-टार्ड का कहना है कि डील में सद्भावनापूर्ण भागीदारी की लगातार कमी दिख रही थी। वहीं सेवन एंड आई की ओर से कहा गया कि काउच-टार्ड का फैसला एकतरफा है और वह कनाडाई कंपनी के कई गलत बयानों से असहमत है। सेवन एंड आई के टेकओवर को जापान की कॉर्पोरेट कंपनियों, विदेशी कंपनियों की ओर से जापानी कंपनियों में हिस्सेदारी खरीद के लिए एक टेस्ट केस के तौर पर देख रही थीं।
अगस्त 2024 में शुरू हुई थी डील की कवायद
सौदे की बात पहले पिछले साल अगस्त में चली थी, जिसमें सेवन एंड आई की वैल्यू 14.86 डॉलर प्रति शेयर आंकी गई थी। लेकिन कंपनी ने कहा कि उसकी वैल्यूएशन बेहद कम आंकी गई है, इसके बाद उसने डील के लिए मना कर दिया। इसके बाद काउच-टार्ड ने अक्टूबर 2024 में प्रपोजल को 22% से ज्यादा बढ़ाकर 18.19 डॉलर प्रति शेयर कर दिया। इससे सेवन एंड आई की वैल्यूएशन 7 ट्रिलियन जापानी येन या 47 अरब डॉलर हो गई। सेवन एंड आई के शेयर वर्तमान में 8% कम पर कारोबार कर रहे हैं।