Trading plan : आज रिकवरी की हर कोशिश नाकाम होती दिखी है। बाजार कच्चे तेल की आग में झुलस गया है। क्रूड 112 डॉलर के पार निकल गया है। निफ्टी करीब 150 प्वाइंट फिसलकर 22650 के पास दिख रहा है। हलांकि बैंक निफ्टी ने 54500 का अहम सपोर्ट बचाया है। मिड और स्मॉलकैप में बिकवाली का सबसे ज्यादा प्रेशर देखने को मिल रहा है।
अच्छे नतीजों के दम पर इंडियन होटल्स 4% उछाल के साथ वायदा का टॉप गेनर बना है। वहीं कमजोर रिजल्ट के बाद KEI में 7% से ज्यादा की गिरावट दिखी है। साथ ही मजगांव डॉक भी करीब 4% फिसला है। जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को हर कैटेगरी में बंपर रिस्पॉन्स मिला है। दूसरे दिन अभी तक यह इश्यू चार गुना भरा है। QIB सेगमेंट करीब 10 गुना भरा है। रिटेल, Employees और शेयरहोल्डर्स का हिस्सा भी पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया है।
AB कैपिटल, अंबर और पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट दो फीसद फिसले। कमजोर नतीजों के चलते M&M फाइनेंशियल में भी 6% की गिरावट देखने को मिली है। FMCG और IT शेयरों में जोरदार बिकवाली आई है। दोनों सेक्टर इंडेक्स 1.5 फीसदी से ज्यादा फिसले हैं। साथ ही ऑटो, केमिकल, मेटल और तेल-गैस शेयर भी एक फीसदी से ज्यादा फिसले हैं।
मैनेजमेंट की पॉजिटिव कमेंट्री से SRF में जोरदार रिकवरी आई है। यह शेयर निचले स्तरों से 9% से ज्यादा सुधरकर हरे निशान में आ गया है, मैनेजमेंट ने FY27 में 15 से 20% रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करने की उम्मीद जताईहै। SRF की अच्छी कमेंट्री से पूरे केमिकल सेक्टर में रिकवरी आई है।
बाजार की चाल पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार में आज एक और दर्द वाला दिन रहा। हालांकि निफ्टी में रिकवरी की कोशिशें जारी हैं। बैंक निफ्टी ने 54,500 का सपोर्ट बचाया है। लेकिन हर रिकवरी में बिकवाली आ रही है। आज फिर मिड और स्मॉल कैप में बड़ी गिरावट आई है। हालांकि आज मार्केट ब्रेड्थ उतनी खराब नहीं है। IT में ऊंचे लेवल से मुनाफावसूली आई है। RIL, ITC और HDFC बैंक में भी दबाव है। जैसी उम्मीद थी, इटरनल की रैली भी नहीं चल पाई। केबल और वायर स्टॉक्स में फिर गिरावट रही। CNBC-आवाज़ ने लगातार पॉलीकैब और KEI को बेचने का व्यू लिया है।
अनुज सिंघल के मुताबिक बाजार में मैक्रो दिक्कत है। तेल अब $112 का भी लेवल क्रॉस कर रहा है। हमारा मकसद डराना नहीं था, फंसने से बचाना था। जब लगेगा बाजार अच्छा हो रहा है, तब तेजी भी जोर से करेंगे। लेकिन तब तक ना फंसाएंगे, ना फंसने देंगे। ब्रॉडर मार्केट में अब दर्द काफी ज्यादा है। अच्छे से अच्छे निवेशकों के पोर्टफोलियो लाल में हैं। निवेशक पैनिक ना करें, लेकिन हर गिरावट में नहीं लेना है। थोड़ा कैश संभालकर रखें और पैनिक में खरीदारी करें। शॉर्ट करना आना चाहिए, शॉर्टिंग में भी पैसा है
निफ्टी-बैंक निफ्टी पर रणनीति
निफ्टी के लिए 22,500-22,550 पर सपोर्ट और 22,750-22,800 पर रेजिस्टेंस है। बैंक निफ्टी के लिए 54,500-54,600 पर सपोर्ट और 54,800-55,000 पर रेजिस्टेंस है।
बाजार का टेक्सचर काफी कमजोर है। अब 22,200 के टूटने की संभावना ज्यादा है। बस ये कब होगा,ये कहना थोड़ा मुश्किल है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।