अमेरिका में Bear Market की आहट? Goldman Sachs और BlackRock का डराने वाला अलर्ट

BlackRock और Goldman Sachs ने अमेरिकी बाजार को लेकर चेतावनी जारी की है। मंदी की आशंका और ट्रेड वॉर के चलते रेटिंग घटाई गई है। बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और बियर मार्केट के संकेत सामने आ रहे हैं।

अपडेटेड Apr 08, 2025 पर 4:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BlackRock के एनालिस्ट टीम का कहना है कि अमेरिकी शेयरों पर अगले तीन महीनों में दबाव बना रहेगा।

US Bear Market Alert: दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी BlackRock ने अमेरिकी शेयर बाजार को लेकर अपना नजरिया कमजोर किया है। कंपनी ने अमेरिका की इक्विटी रेटिंग को ‘ओवरवेट’ से घटाकर ‘न्यूट्रल’ कर दिया है। वहीं, Goldman Sachs ने अमेरिका में बियर मार्केट की आशंका जताई है। इसके पीछे बड़े कारण हैं, वैश्विक स्तर पर बढ़ते व्यापार तनाव और अमेरिका में मंदी की आशंका।

क्या कहा BlackRock ने?

BlackRock के एनालिस्ट टीम का कहना है कि अमेरिकी शेयरों पर अगले तीन महीनों में दबाव बना रहेगा। इसमें Jean Boivin और Wei Li शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेड वॉर के चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर हो रहा है। इससे जोखिम वाले एसेट्स में गिरावट देखने को मिल रही है। कंपनी अब अल्पकालिक अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड्स में निवेश बढ़ा रही है, जिसे वे सुरक्षित निवेश मान रहे हैं।


मंदी को लेकर क्या संकेत हैं?

BlackRock के CEO लैरी फिंक ने हाल ही में कहा था कि जिन CEO से वे बातचीत करते हैं, उनमें से ज्यादातर का मानना है कि अमेरिका में पहले ही मंदी दस्तक दे चुकी है।

इसी वजह से निवेशकों को उम्मीद है कि US Federal Reserve ब्याज दरों में तेज कटौती करेगा। मौजूदा संकेतों के मुताबिक, बाजार 2025 में फेड से 5 बार दरों में कटौती की उम्मीद कर रहा है। हालांकि, फेड की ऑफिशियल गाइडेंस में सिर्फ 2 कटौती की बात है।

Goldman Sachs की चेतावनी

Goldman Sachs ने भी चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो यह गिरावट एक लंबी ‘साइकलिकल बियर मार्केट’ में बदल सकती है। ऐसे बियर मार्केट औसतन 2 साल तक चलते हैं। उन्हें अपने मूल स्तर तक रिकवरी में 5 साल लग सकते हैं

फिलहाल Goldman इस गिरावट को ‘इवेंट-ड्रिवन बियर मार्केट’ मान रहा है, यानी कोई एक बड़ा बाहरी कारण (जैसे टैरिफ युद्ध) इसके पीछे है।

Wall Street में क्या हाल है?

सोमवार को अमेरिकी बाजार के तीनों प्रमुख इंडेक्स Dow Jones, S&P 500 और Nasdaq 52 हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गए थे। S&P 500 और Nasdaq तो ओवरऑल 20% से ज्यादा की गिरावट के साथ बियर मार्केट में जा चुके हैं। हालांकि दिन के अंत में थोड़ी रिकवरी हुई, लेकिन बाजार बेहद अस्थिर बना रहा।

यह भी पढ़ें : Stock Market Crash: ट्रंप जानबूझकर गिरा रहे शेयर बाजार? आखिर क्या है उनका मास्टर प्लान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।