V-Mart Retail Shares: फैशन रिटेलर वी-मार्ट रिटेल के शेयरों में आज 6 अप्रैल को भारी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 15 प्रतिशत से अधिक उछलकर 638.10 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। यह तेजी कंपनी के मार्च तिमाही के बिजनेस अपडेट जारी होने के बाद आई।
कंपनी ने बताया कि, वित्त वर्ष 2026 की मार्च तिमाही में उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 24% बढ़कर ₹971 करोड़ पहुंच गया, जो इसके पिछले साल इसी तिमही में ₹780 करोड़ रहा था। यह ग्रोथ दिखाती है कि कंपनी ने मांग में मजबूती और अपने बिजनेस मॉडल के दम पर अच्छा प्रदर्शन किया है।
मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का सेम स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) 12% रहा और इसे सभी फॉर्मेट में लगातार परफॉर्मेंस से सपोर्ट मिला। जहां V-Mart के मुख्य स्टोर्स ने 12% की ग्रोथ दर्ज की, वहीं कंपनी के ‘Unlimited’ फॉर्मेट ने 9% की बढ़त दिखाई।
हालांकि कंपनी ने साफ किया कि रेवेन्यू के आंकड़े प्रोविजनल हैं और इसके स्टैच्युटरी ऑडिटर्स से रिव्यू किए जा सकते हैं।
आक्रामक विस्तार रणनीति जारी
कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाना जारी रखा है। मार्च तिमाही के दौरान V-Mart ने 29 नए स्टोर्स खोले, जबकि 6 स्टोर्स बंद किए। इसके बाद 31 मार्च 2026 तक कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 577 हो गई है। पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी ने रिकॉर्ड 92 नए स्टोर जोड़े, जबकि 12 स्टोर्स बंद किए। यह कंपनी का किसी एक साल में अब तक का सबसे बड़ा विस्तार है।
किन राज्यों में बढ़ा फोकस
कंपनी ने विस्तार के तहत उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 नए स्टोर्स खोले। इसके अलावा तमिलनाडु में 4 और बिहार व पश्चिम बंगाल में 3-3 स्टोर्स जोड़े गए। झारखंड समेत अन्य राज्यों में भी कंपनी ने अपनी मौजूदगी बढ़ाई है, जिससे यह साफ है कि कंपनी टियर-2 और टियर-3 शहरों पर खास ध्यान दे रही है।
दोपहर 3 बजे के करीब, वी-मार्ट रिटेल के शेयर एनएसई पर 13.53 फीसदी की तेजी के साथ 618.65 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस तेजी के बावजूद 2026 में अभी भी यह शेयर करीब 11.5 फीसदी नीचे हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।