Vijay Shekhar Sharma ने 11 करोड़ रुपये में खरीदे Paytm के 1.7 लाख शेयर, 5% से अधिक की आई तेजी

Paytm के शेयरों में आज 5 फीसदी से अधिक की तेजी आई और पिछले 5 दिनों में इसका शेयर करीब 11 फीसदी बढ़ चुका है

अपडेटेड Jun 17, 2022 पर 6:43 PM
Paytm के शेयर शुक्रवार को NSE पर 5.27% बढ़कर 646.30 रुपये पर बंद हुए

डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) विजय शेखर शर्मा ने अपनी कंपनी के 11 करोड़ रुपये के 1.7 लाख शेयर खरीदे हैं। पेटीएम (Paytm) ब्रांडनेम से काम करने वाली वन97 कम्युनिकेशंस ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि विजय शेखर शर्मा ने 30-31 मई को शेयर खरीदे थे।

विजय शेखर शर्मा ने 30 मई को 6.31 करोड़ रुपये के 1,00,552 शेयर और 31 मई को 4.68 करोड़ रुपये के 71,469 शेयर खरीदे। इस बीच पेटीएम के शेयर शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 5.27 फीसदी बढ़कर 646.30 रुपये पर बंद हुआ। आज की मजबूती के बाद पेटीएम का शेयर अपने 1,950 रुपये के लिस्टिंग प्राइस की तुलना में 59 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।

नियमों के मुताबिक, विजय शेखर शर्मा अपनी कंपनी के शेयरों को कम से कम 6 महीने तक वापस नहीं खरीद सकते थे। ऐसा इसलिए क्योंकि Paytm के IPO में जिन शेयरहोल्डरों ने अपने शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, उनमें विजय शेखर शर्मा का भी नाम था। पेटीएम के लिस्ट हुए अब 6 महीने से अधिक समय बीत चुके हैं। ऐसे में विजय शेखर शर्मा ने अपने ऊपर लगी रोक के खत्म होती ही पेटीएम के शेयर खरीदे।


यह भी पढ़ें- Thank God! यह हफ्ता खत्म हुआ, सिर्फ 5 दिन में सेंसेक्स-निफ्टी 5 फीसदी फिसले

इससे पहले अप्रैल में, शर्मा ने कहा कि कंपनी के शेयरहोल्डरों को लिखे एक लेटर में कहा था कि Paytm अगली छह तिमाहयों में ऑपरेटिंग स्तर पर ब्रेकइवन की स्थिति को हासिल कर लेगी। ब्रेकइवन उस स्थिति को कहते हैं कि जब कंपनी को कोई मुनाफा नहीं हो रहा होता है, लेकिन उसे कोई घाटा भी नहीं हो रहा होता है।

नतीजों में सुधार

Paytm की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One 97 Communications) का लॉस मार्च तिमाही में बढ़कर 761.4 करोड़ रुपए रहा था। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का लॉस 441.8 करोड़ रुपए था। हालांकि दिसंबर 2021 तिमाही के मुकाबले मार्च 2022 तिमाही में लॉस जरूर कम था। दिसंबर 2021 तिमाही में One 97 Communications का लॉस 778 करोड़ रुपए था।

मार्च 2022 तिमाही में कंपनी की आमदनी 1540.9 करोड़ रुपए थी। यह पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 88.99% ज्यादा थी। मार्च 2021 तिमाही में कंपनी की आमदनी 815.3 करोड़ रुपए थी। Paytm का रेवेन्यू ग्रोथ 89% रहा। यह गोल्डमैन सैक्स के अनुमान से 4% ज्यादा है। Paytm के जरिए होने वाली नॉन-UPI पेमेंट पिछली दो तिमाहियों से लगातार बढ़ रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।