हाइपरमार्केट चेन विशाल मेगा मार्ट ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 3.6 प्रतिशत बढ़कर 157.88 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 152.31 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3398.53 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 2981.49 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि सितंबर 2026 तिमाही में उसका कुल खर्च 3,225.61 करोड़ रुपये का रहा। एक साल पहले समान तिमाही में यह आंकड़ा 2,797.30 करोड़ रुपये का था। EBITDA मार्जिन 12.1 प्रतिशत रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 13.2 प्रतिशत था। ऑपरेटिंग EBITDA सालाना आधार पर 3.7 प्रतिशत बढ़कर 262.2 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 252.9 करोड़ रुपये था।
विशाल मेगा मार्ट दिसंबर 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 8000 करोड़ रुपये का था। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 40.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। सितंबर 2026 के आखिर तक कंपनी के 582 शहरों में 844 स्टोर थे। साथ ही बड़े और लॉयल कस्टमर्स की संख्या 18.1 करोड़ थी।
Vishal Mega Mart के शेयर में गिरावट
वित्तीय नतीजे जारी होने के बाद विशाल मेगा मार्ट के शेयर में गिरावट है। दिन में शेयर पिछले बंद भाव से 8 प्रतिशत तक लुढ़का। BSE पर भाव 86.70 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 42000 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 सप्ताह में 10 प्रतिशत और 3 महीनों में 20 प्रतिशत गिरा है। एक साल में कीमत लगभग 40 प्रतिशत नीचे आई है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 149.80 रुपये और एडजस्टेड लो 86.70 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।