Vodafone Idea share price: 11 रुपए के FPO प्राइस से ऊपर आया वोडाफोन आइडिया, जानिए क्यों आई इतनी तेजी
Vodafone Idea share price: वोडाफोन आइडिया में तेजी का आलम ये है कि एक महीने में ये 28 फीसदी दौड़ा है। कुमार मंगलम बिड़ला को फिर से VI के बोर्ड का नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कुमार मंगलम बिड़ला अगस्त 2018 से इस पद पर थे
Vodafone Idea News: VI की 35,000 रुपए की फंड जुटाने की भी खबरें है। SBI कंसोर्शियम फंड जुटाने की प्रक्रिया को लीड कर सकता है
Vodafone Idea share price : वोडाफोन आइडिया के लिए एक के बाद अच्छी खबरें आ रही है। इनके चलते करीब 3 फीसदी की तेजी के साथ यह शेयर FPO प्राइस के ऊपर आ गया है। फिलहाल ये शेयर 0.33 रुपए यानी 3.06 फीसदी की तेजी के साथ 11.15 रुपए के आसपास दिख रहा है। आज का इसका दिन का हाई 11.38 रुपए और दिन का लो 10.91 रुपए है। इंट्रा डे में शेयर 5 फीसदी तक भागा है। स्टॉक में भारी वॉल्यूम से साथ तेजी आई है। फिलहाल इसका ट्रेडिंग वॉल्यूम 362,245,608 शेयर के आसपास दिख रहा है। यह शेयर आज अप्रैल 2024 में 11 रुपए प्रति शेयर पर आए FPO प्राइस से भी ऊपर जाता दिखा है।
वोडाफोन आइडिया में तेजी का आलम ये है कि एक महीने में ये 28 फीसदी दौड़ा है। आज की यह बढ़त लगभग पांच साल के अंतराल के बाद,कुमार मंगलम बिड़ला को Vodafone Idea के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त किए जाने की वजह से हुई है। बिड़ला ने 2021 में इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
एक रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार,वह रविंदर टक्कर की जगह लेंगे। टक्कर ने इस पद से इस्तीफा दे दिया है,लेकिन वह नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरमैन के तौर पर बिड़ला की मदद करते रहेंगे।
वोडाफ़ोन आइडिया ने कहा कि उसके बोर्ड ने "गैर-कार्यकारी निदेशक कुमार मंगलम बिड़ला को वोडाफ़ोन आइडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।यह नियुक्ति 5 मई 2026 से प्रभावी होगी।"
कुमार मंगलम बिड़ला की नियुक्ति को निवेशकों के भरोसे को बढ़ाने और एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाए पर सरकार से मिली बड़ी राहत के बाद वोडाफोन के कायाकल्प को गति देने वाले कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
VI को AGR बकाए में राहत
कंपनी को AGR बकाए में 23,649 करोड़ रुपए से ज्यादा की बड़ी राहत मिली है। सरकार ने AGR बकाया 27 फीसदी घटाकर करीब 64,046 करोड़ रुपए कर दिया है। AGR बकाया 87,695 करोड़ रुपए से घटाकर करीब 64,046 करोड़ रुपए किया गया है। कंपनी के लिए वित्त वर्ष 2032 से वित्त वर्ष 2035 तक हर साल न्यूनतम 100 करोड़ रुपए का भुगतान जरूरी है। बाकी राशि वित्त वर्ष 2036 से 2041 के बीच 6 किस्तों में चुकाई जाएगी।
फंड जुटाने की खबरें
VI की 35,000 रुपए की फंड जुटाने की भी खबरें है। SBI कंसोर्शियम फंड जुटाने की प्रक्रिया को लीड कर सकता है। इसमें 25,000 करोड़ रुपए का टर्म लोन और 10,000 करोड़ रुपए का वर्किंग कैपिटल होगा। इसके लिए SBI के नेतृत्व वाले बैंकों के कंसोर्शियम से बातचीत जारी है।
कंपनी के सब्सक्राइबर बढ़े
इस बीच कंपनी के सब्सक्राइबर भी बढ़े हैं। फरवरी और मार्च में इसके नेट सब्सक्राइबर बढ़े हैं। फरवरी में 21,927 सब्सक्राइबर बढ़े हैं। वहीं,मार्च में एक लाख से ज्यादा नए ग्राहक जुड़े हैं।
वोडाफोन आइडिया (Vi) को दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों के दौरान 17,418 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है और इसकी नेट वर्थ निगेटिव 87,744 करोड़ रुपये पर रही है।
स्टॉक पर ब्रोकरेज की राय
इस बीच,हाल ही में AGR (एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू)में मिली राहत के बाद सिटी रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में वोडाफोन आइडिया के लिए ज्यादा पॉजिटिव नजरिया पेश किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लंबे समय से चले आ रहे बकाया विवाद के सुलझने से कंपनी की वित्तीय स्थिति में काफी सुधार हुआ है,हालांकि अभी भी कुछ जोखिम बने हुए हैं।
हालांकि,सिटी रिसर्च अभी भी वोडाफोन आइडिया को एक 'हाई-रिस्क' निवेश मानती है,जिसका कारण इसकी अभी भी भारी कर्ज वाली बैलेंस शीट और लगातार सरकारी मदद पर टिकी इसकी निर्भरता है।
शेयर की चाल पर एक नजर
शेयर की चाल पर नजर डालें तो पिछले 1 हफ्ते में ये शेयर 9.52 फीसदी भागा है। वहीं, 1 महीने में इसमें 28.65 फीसदी की तेजी आई है। तीन महीने में इसमें 1.35 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इस साल के जनवरी से अब तक ये शेयर 4.74 फीसदी भागा है। वहीं, 1 साल में इसने 63.81 फीसदी और 3 साल में 63.33 फीसदी रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।