Vodafone Idea के शेयरों में अचानक 8% की तेजी, क्या बदल जाएंगे कंपनी के दिन? मिली ये बड़ी राहत

Vodafone Idea Shares: कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरों में आज 9 जनवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयर करीब 8 प्रतिशत तक उछलकर 12.52 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी को उसके एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया मामले में एक बड़ी राहत मिली है

अपडेटेड Jan 09, 2026 पर 10:49 AM
Story continues below Advertisement
Vodafone Idea Shares: वोडाफोन आइडिया के AGR बकाया भुगतान के लिए लंबी अवधि का एक नया ढांचा तय किया गया है

Vodafone Idea Shares: कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरों में आज 9 जनवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयर करीब 8 प्रतिशत तक उछलकर 12.52 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी को उसके एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया मामले में एक बड़ी राहत मिली है।

कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसे टेलीकॉम डिपार्टमेंट से AGR बकाया को लेकर आधिकारिक लेटर मिला है। कंपनी के बयान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2006-07 से लेकर 2018-19 तक की अवधि से जुड़े उसके AGR बकाया को अब “फ्रीज” कर दिया गया है और इनके भुगतान के लिए लंबी अवधि का नया ढांचा तय किया गया है। यह राहत लंबे समय से वित्तीय दबाव झेल रही कंपनी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

AGR बकाया चुकाने का नया प्लान

वोडाफोन आइडिया ने बताया कि AGR से जुड़े कुल बकाया, जिसमें मूल राशि, ब्याज, जुर्माना और जुर्माने पर ब्याज शामिल है, उसे तीन चरणों में चुकाया जाएगा।


पहले चरण में कंपनी को मार्च 2026 से मार्च 2031 के बीच अगले छह वर्षों तक हर साल अधिकतम ₹124 करोड़ का भुगतान करना होगा।

दूसरे चरण में मार्च 2032 से मार्च 2035 तक चार वर्षों के लिए हर साल ₹100 करोड़ चुकाने होंगे।

इसके बाद बचे बाकी AGR बकाया राशि को मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच छह समान सालाना किश्तों में चुकाया जाएगा।

कंपनी ने यह भी साफ किया कि टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने एक कमिटी गठिक की है, जो AGR बकाया की दोबारा समीक्षा करेगी। इस कमिटी का फैसला अंतिम होगा और दोबारा मूल्यांकन के बाद तय राशि को भी मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच समान किश्तों में ही चुकाना होगा।

सरकार पहले ही दे चुकी है बड़ी राहत

बता दें कि 31 दिसंबर को सरकार ने घोषणा की थी कि Vodafone Idea का AGR बकाया ₹97,695 करोड़ पर फ्रीज किया जाएगा। इसके तहत कंपनी को पांच साल का मोरेटोरियम और उसके बाद 10 साल में भुगतान की अनुमति दी गई थी। सरकार की हिस्सेदारी कंपनी में करीब 49 प्रतिशत है और वह इसकी सबसे बड़ी पब्लिक शेयरधारक भी है।

सरकारी दस्तावेजों में उस समय कहा गया था कि इस फैसले से सरकार को बकाया राशि का व्यवस्थित तरीके से भुगतान सुनिश्चित होगा और साथ ही कंपनी के करीब 20 करोड़ ग्राहकों के हितों की भी रक्षा की जा सकेगी।

शेयर की चाल

इस खबर के बाद Vodafone Idea के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। हालांकि शुरुआती तेजी के बाद शेयरों ने कुछ मुनाफावसूली भी देखी। सुबह 10 बजे करीब, कंपनी के शेयर लगभग 4.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹12.05 के आसपास ट्रेड करते दिखे। पिछले 6 महीने में अब तक कंपनी के शेयर करीब 66 फीसदी चढ़ चुके हैं।

यह भी पढ़ें- NHPC Share Price: CLSA को सरकारी कंपनी का शेयर 42% चढ़ने की उम्मीद, 3 कारणों से 2026 हो सकता है बड़े बदलाव वाला साल

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।