ब्रोकरेज फर्म CLSA ने सरकारी कंपनी NHPC Ltd. को 'हाई कनविक्शन आउटपरफॉर्म' रेटिंग दी है। स्टॉक के लिए टारगेट प्राइस ₹117 प्रति शेयर रखा है। यह टारगेट स्टॉक के क्लोजिंग प्राइस से करीब 42% ज्यादा है। CLSA ने शुक्रवार, 9 जनवरी को एक नोट में कहा कि 2026 NHPC के लिए एक बड़े बदलाव वाला साल हो सकता है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कंपनी की इंस्टॉल्ड कैपेसिटी में साल-दर-साल आधार पर 64% की बढ़ोतरी होगी। FY25 से FY27 के दौरान प्रति शेयर कमाई में 90% की बढ़ोतरी का अनुमान है।
CLSA ने आगे कहा कि यह ग्रोथ NHPC की लंबी अवधि, यानि कि दस साल के विस्तार की कहानी को और मजबूत करेगी। CLSA ने ऐसी 3 मुख्य वजह गिनाई हैं, जो स्टॉक में तेजी ला सकती हैं...
- पार्वती II प्रोजेक्ट के लिए टैरिफ को फाइनल करना, जो NHPC के रेगुलेटेड इक्विटी बेस का लगभग 25% है।
- सुबनसिरी लोअर हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का पूरी तरह से चालू होना। यह NHPC का दूसरा सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है और इसके 2026 की चौथी तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।
- 2026 में 4 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट और एक पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट मिलने की संभावना। इससे FY35 तक कंपनी की कमाई और ग्रोथ की विजिबिलिटी बेहतर हो सकती है।
NHPC के शेयर में शुक्रवार को तेजी है। शुरुआती कारोबार में BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 2 प्रतिशत के उछाल के साथ 83.75 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 83100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। फिलहाल NHPC को 8 एनालिस्ट ट्रैक कर रहे हैं। इनमें से 4 ने स्टॉक के लिए 'बाय' रेटिंग दी है, एक ने 'होल्ड' की सलाह दी है, जबकि 3 ने 'सेल' कॉल दी है। कंपनी में सरकार के पास 67.40 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
2000 करोड़ जुटाने की तैयारी
NHPC के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए उधार योजना के हिस्से के रूप में 2,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दे दी है। ये पैसे प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए एक या एक से अधिक किश्तों में नॉन-कनवर्टिबल, नॉन-कम्युलेटिव AH-सीरीज बॉन्ड जारी करके जुटाए जाएंगे। कंपनी का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 2732.11 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 925.52 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 में NHPC का रेवेन्यू 8994.26 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 3083.98 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।