ट्रैवल बुकिंग प्लेटफॉर्म इक्सिगो की पेरेंट कंपनी Le Travenues Technology, ब्रेविस्टे हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड में 54.66% हिस्सेदारी खरीदेगी। कंपनी के बोर्ड ने प्रपोजल को मंजूरी दे दी है। यह खरीद ₹65.69 करोड़ में सेकेंडरी और प्राइमरी शेयर खरीद के जरिए की जाएगी। डील के पूरा होने के बाद ब्रेविस्टे, इक्सिगो की सब्सिडियरी कंपनी बन जाएगी। इक्सिगो के पास भविष्य में ब्रेविस्टे की बाकी हिस्सेदारी खरीदने का भी अधिकार होगा, जो कुछ तय शर्तों पर निर्भर करेगा।
2016 में शुरू हुई Brevistay एक फ्लेक्सिबल-स्टे होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म चलाती है। यह प्लेटफॉर्म कम वक्त के लिए और रात भर रुकने की सुविधा देता है। इस प्लेटफॉर्म ने भारत के टियर 1 शहरों और टियर 2 व 3 कस्बों में बजट, मिड-स्केल और प्रीमियम प्रॉपर्टीज का होटल नेटवर्क बनाया है। डील के बाद ixigo और Brevistay के मिले-जुले होटल नेटवर्क में देश भर में 10,000 से ज्यादा सीधे कॉन्ट्रैक्ट वाले होटल शामिल होंगे।
ब्रेविस्टे का वित्त वर्ष 2025-26 में टर्नओवर ₹18.10 करोड़ रहा। इक्सिगो ने शेयर बाजारों को बताया है कि यह खरीद रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन में नहीं आती है। अधिग्रहण 31 जुलाई 2026 को या उससे पहले कंप्लीट हो जाएगा। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, इक्सिगो के बोर्ड ने ऑफइंटेलिजेंस टेक्नोलोजिज प्राइवेट लिमिटेड (Proactai) में ₹7.50 करोड़ के निवेश को भी मंजूरी दी है। इसके बदले में कंपनी को 10.34% हिस्सेदारी हासिल होगी।
चढ़ सकता है Ixigo का शेयर
इस नए डेवलपमेंट से Le Travenues Technology के शेयरों में सोमवार, 8 जून को तेजी देखने को मिल सकती है। शेयर शुक्रवार को BSE पर 155.45 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 6800 करोड़ रुपये है। कंपनी जून 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 740.10 करोड़ रुपये का था। शेयर 6 महीनों में 33 प्रतिशत नीचे आया है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 339.05 रुपये और एडजस्टेड लो 147 रुपये है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में इक्सिगो का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 299 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 37.42 करोड़ रुपये रहा।
इस साल फरवरी में खबर आई थी कि इक्सिगो स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग प्लेटफॉर्म Trenes में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद रही है। यह खरीद 1.17 करोड़ यूरो (125 करोड़ रुपये से ज्यादा) में होने की बात कही गई थी। Trenes की पेरेंट कंपनी 'ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस' है। यह भी खबर थी कि इक्सिगो के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्पेन की स्क्वाड ऐज सर्विस, S.L. (Sqaas) में 45.02 प्रतिशत हिस्सेदारी की खरीद को भी मंजूरी दे दी है। डील वैल्यू 4.83 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।