टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) अपने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 75 रुपये प्रति शेयर का शानदार फाइनल डिविडेंड देने वाली है। रिकॉर्ड डेट 10 जून है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। टाटा एलेक्सी ऑटोमोटिव, ब्रॉडकास्ट, कम्युनिकेशन, हेल्थकेयर और ट्रांसपोर्टेशन जैसी कई इंडस्ट्रीज को डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विसेज देती है।
फाइनल डिविडेंड पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। यह मीटिंग 24 जून को होने वाली है। मंजूरी मिलने के बाद डिविडेंड का पेमेंट 30 जून को या उसके बाद किया जाएगा। टाटा एलेक्सी ने वित्त वर्ष 2025 के लिए भी 75 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। टाटा एलेक्सी का शेयर 5 जून को फ्लैट है। BSE पर भाव 4299.90 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 26700 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
Tata Elxsi का शेयर एक साल में 34 प्रतिशत कमजोर
यह शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर की कीमत एक साल में 34 प्रतिशत नीचे आई है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 6,733.50 रुपये और एडजस्टेड लो 3,945 रुपये है। टाटा एलेक्सी का डिविडेंड बांटने का अच्छा इतिहास रहा है। यह साल 2008 से लगातार डिविडेंड दे रही है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.90 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में टाटा एलेक्सी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 993.8 करोड़ रुपये रहा। EBITDA (अर्निंग्स बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डेप्रिसिएशन एंड अमॉर्टाइजेशन) 244.6 करोड़ रुपये, EBITDA मार्जिन 24.6 प्रतिशत और शुद्ध मुनाफा 220.4 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए रेवेन्यू 3,757.42 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 628.43 करोड़ रुपये रहा।
Trent के डिविडेंड के लिए 12 जून रिकॉर्ड डेट
टाटा ग्रुप की एक और कंपनी ट्रेंट वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फाइनल डिविडेंड के तौर पर 6 रुपये प्रति शेयर का अमाउंट दे रही है। रिकॉर्ड डेट 12 जून है। डिविडेंड पर ट्रेंट की 23 जून को होने वाली सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर पेमेंट 26 जून को या उसके बाद किया जाएगा। कंपनी के बोनस इश्यू के लिए 4 जून रिकॉर्ड डेट और एक्स-डेट थी। इसके चलते शेयर की कीमत एडजस्ट हुई और पिछली क्लोजिंग से 33 प्रतिशत कम दिखने लगी। कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 2 शेयरों पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर दे रही है। ट्रेंट, टाटा ग्रुप का फैशन और लाइफस्टाइल बिजनेस है। कंपनी के Westside, Zudio और Star जैसे ब्रांड्स के तहत रिटेल स्टोर हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।