CONCOR Q2 Results: सरकारी लॉजिस्टिक्स और रेल ट्रांसपोर्टेशन कंपनी Container Corporation of India (CONCOR) ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 6.8% घटकर ₹353 करोड़ रह गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह ₹379 करोड़ था। वहीं, रेवेन्यू में मामूली बढ़त दर्ज की गई।
रेवेन्यू में 1% की बढ़ोतरी
CONCOR का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 1% बढ़कर ₹2,379 करोड़ हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹2,355 करोड़ था।
कंपनी का EBITDA 4.5% घटकर ₹550 करोड़ रहा। एक साल पहले यह ₹576 करोड़ था। EBITDA मार्जिन भी 25% से घटकर 23% रह गया। इससे कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन पर दबाव दिखता है।
वॉल्यूम ग्रोथ कंपनी के अनुमान से पीछे
CONCOR के कारोबार में कंटेनर वॉल्यूम की बढ़त धीमी रही है। सितंबर तिमाही में कंपनी ने 14.48 लाख TEU कंटेनर हैंडल किए। यह पिछले साल के मुकाबले सिर्फ 0.53% ज्यादा है। इस दौरान EXIM वॉल्यूम 0.1% घटा। वहीं, घरेलू वॉल्यूम में 2.43% की बढ़ोतरी हुई।
वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कुल वॉल्यूम 4.5% बढ़ा। यह कंपनी के पूरे साल के 18% ग्रोथ लक्ष्य से काफी कम है। EXIM वॉल्यूम 4.6% और घरेलू वॉल्यूम 4.2% बढ़ा। कंपनी ने इनके लिए क्रमशः 15% और 25% का लक्ष्य रखा है।
₹1.90 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान
CONCOR के बोर्ड ने दूसरी अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। इसके तहत निवेशकों को हर शेयर पर ₹1.90 का डिविडेंड मिलेगा। शेयर की फेस वैल्यू ₹5 है। कुल डिविडेंड भुगतान ₹144.71 करोड़ होगा।
कंपनी ने डिविडेंड के लिए 11 नवंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है। भुगतान 20 नवंबर 2026 या उसके बाद किया जाएगा। यह घोषणा 30 दिनों के भीतर भुगतान की शर्त के तहत की गई है।
मंगलवार को CONCOR का शेयर BSE पर 1.07% की तेजी के साथ ₹418.95 पर बंद हुआ। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजों का ऐलान किया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।