Bonus Issue: हर 3 शेयरों पर 1 नया शेयर मिलेगा फ्री, 12 जून रि​कॉर्ड डेट; एक साल में 23% चढ़ा स्टॉक

City Union Bank Bonus Share: बैंक 8 साल बाद बोनस इश्यू लाया है। इससे पहले ऐसा साल 2018 और 2017 में किया गया था। बैंक वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड भी देने वाला है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 11:50 AM
City Union Bank ने बोनस इश्यू की घोषणा अप्रैल महीने में तिमाही नतीजे जारी करने के साथ की थी।

सिटी यूनियन बैंक के शेयरहोल्डर्स को जल्द ही बोनस शेयर मिलने वाले हैं। बैंक शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 3 शेयरों पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर देगी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 12 जून है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे। बोनस इश्यू की घोषणा अप्रैल महीने में हुई थी, जब कंपनी ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे।

बोनस शेयर, शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलने के बाद जारी किए जाएंगे। बैंक 8 साल बाद बोनस इश्यू लाया है। इससे पहले ऐसा साल 2018 और 2017 में किया गया था। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 10 शेयरों पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिला था। वर्तमान में शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।

सिटी यूनियन बैंक के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 244.70 रुपये है। बैंक का मार्केट कैप 18100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कीमत एक साल में 23 प्रतिशत चढ़ी है। 3 साल का रिटर्न 95 प्रतिशत है। शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 319.95 रुपये और एडजस्टेड लो 184 रुपये है।


डिविडेंड भी देगी City Union Bank

बैंक वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड भी देने वाला है। इसका पेमेंट भी सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलने के बाद किया जाएगा। डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट अभी सामने नहीं आई है। बैंक ने वित्त वर्ष 2025 के लिए भी इतने ही रुपये का डिविडेंड दिया था। अप्रैल महीने में ICICI Securities ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 325 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। इसी तरह एमके ग्लोबल फाइनेंशियल ने भी 'बाय' रेटिंग के साथ 350 रुपये प्रति शेयर का टारगेट सेट किया था।

मार्च तिमाही में मुनाफा 25 प्रतिशत बढ़ा

सिटी यूनियन बैंक का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 360 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 288 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय (NII) 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 786 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 600 करोड़ रुपये थी। कुल इनकम 1,855.62 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान शुद्ध मुनाफा 18 प्रतिशत बढ़कर 1,326 करोड़ रुपये हो गया। NII 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,830 करोड़ रुपये हो गई।

Honasa Consumer: मामाअर्थ की पेरेंट के शेयर में 32% तक चढ़ने का दम! ICICI Securities ने 'बाय' रेटिंग रखी बरकरार

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।