Trident Share Price: टेक्सटाइल और पेपर बनाने वाली कंपनी Trident Ltd अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए ₹4,650 करोड़ खर्च करेगी। कंपनी ने सोमवार, 2 नवंबर को यार्न, शीटिंग, पेपर और रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार में क्षमता बढ़ाने और पुरानी मशीनों को बदलने की योजना को मंजूरी दी। इस पर काम दिसंबर 2027 से सितंबर 2029 के बीच अलग-अलग चरणों में पूरा होगा।
मध्य प्रदेश में लगेगी नई यार्न फैक्ट्री
Trident मध्य प्रदेश के धार में यार्न बनाने की नई फैक्ट्री लगाएगी। इसमें 1,99,680 स्पिंडल होंगे। इसके लिए कंपनी ने 179.2 एकड़ जमीन करीब ₹106.09 करोड़ में लीज पर खरीदी है। वहीं, बुधनी की मौजूदा फैक्ट्री में 99,840 नए स्पिंडल लगाए जाएंगे।
बुधनी में 48,000 पुराने स्पिंडल हटाकर उनकी जगह 70,176 नए स्पिंडल लगाए जाएंगे। इससे कंपनी को बेहतर गुणवत्ता वाला यार्न बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, 960 पुराने रोटर की जगह 2,400 नए रोटर लगाए जाएंगे।
शीटिंग और पेपर का प्रोडक्शन भी बढ़ेगा
कंपनी शीटिंग कारोबार में 336 नए लूम लगाएगी। इससे कुल लूम की संख्या 504 से बढ़कर 840 हो जाएगी। पेपर कारोबार में भी रोजाना 28 टन उत्पादन बढ़ाया जाएगा। इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता 479 टन प्रतिदिन से बढ़कर 507 टन हो जाएगी।
बिजली बनाने के लिए भी बड़ा निवेश
Trident 60 MW का हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट लगाएगी। इसमें 60 MW विंड पावर और 20 MW सोलर पावर (AC) शामिल है। यह कंपनी की मौजूदा 57.3 MW DC पीक सोलर क्षमता से अलग होगा।
कंपनी इस पूरे निवेश के लिए अपने कारोबार से जुटाए गए पैसे और कर्ज का इस्तेमाल करेगी। Trident का कहना है कि इस निवेश से उत्पादन बढ़ेगा, बिजली की बचत होगी और देश-विदेश में कारोबार फैलाने में मदद मिलेगी।
Trident का शेयर सोमवार को BSE पर ₹22.20 पर बंद हुआ। इसमें ₹1.02 यानी 4.82% की तेजी रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।