Vodafone Idea का शेयर 15 रुपये के पार, होल्ड करें, बेचें या खरीदें?

वोडाफोन आइडिया को एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू में बड़ी राहत मिली है। वोडाफोन आइडिया कर्ज के लिए एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के कंसोर्शियम से बातचीत कर रही है। बताया जाता है कि यह बातचीत अंतिम चरण में है। अगर कंपनी को पैसा मिलता है तो वह अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए पूंजीगत खर्च करेगी

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 2:10 PM
वोडाफोन का शेयर इस साल 2 अप्रैल को गिरकर 8.13 रुपये के लेवल पर पहुंच गया था। उसके बाद से इसमें करीब 85 फीसदी तेजी दिखी है।

वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 4 जून को तेजी दिखी। 1 फीसदी से ज्यादा उछाल के साथ शेयर दोपहर में 15 रुपये का लेवल पार कर गया। यह वोडाफोन आइडिया के इनवेस्टर्स के लिए राहत की बात है। बीते एक महीने में यह शेयर करीब 43 फीसदी चढ़ा है।

सिटी रिसर्च ने शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाया

Vodafone Idea ने बताया है कि क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ICRA ने उसकी रेटिंग बढ़ाई है। उसने शेयर का आउटलुक भी बढ़ाकर ए-/स्टेबल किया है। एक हफ्ते क्रिसिल ने भी वोडाफोन की रेटिंग बढ़ाई थी। ब्रोकरेज फर्मों ने भी वोडोफोन आइडिया को लेकर अपनी राय बदली है। सिटी रिसर्च ने इस शेयर पर 'हाई रिस्क' की अपनी रेटिंग हटा दी है। उसने निवेशकों को यह शेयर खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर का प्राइस टारगेट 14 रुपये से बढ़ाकर 17 रुपये कर दिया है।


कंपनी को जल्द बिजनेस में इम्प्रूवमेंट की उम्मीद

एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी को एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू में बड़ी राहत मिली है। वोडाफोन आइडिया कर्ज के लिए एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के कंसोर्शियम से बातचीत कर रही है। बताया जाता है कि यह बातचीत अंतिम चरण में है। अगर कंपनी को पैसा मिलता है तो वह अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए पूंजीगत खर्च करेगी। हाल में कंपनी के सीईओ अभिजीत किशोर ने कहा था कि कंपनी अपनी सभी वित्तीय जिम्मेदारियां पूरी करेगी।

2 अप्रैल के लेवल से 85 फीसदी चढ़ा शेयर

वोडाफोन का शेयर इस साल 2 अप्रैल को गिरकर 8.13 रुपये के लेवल पर पहुंच गया था। उसके बाद से इसमें करीब 85 फीसदी तेजी दिखी है। बीते एक महीने में इस शेयर में बड़ी तेजी दिखी है। टेक्निकल एनालिस्ट्स का भी मानना है कि इस शेयर में तेजी का सिलसिला जारी रह सकता है। कंपनी अपनी पुरानी साख फिर से हासिल करने की कोशिश कर रही है। हाल में सीईओ ने बताया था कि कंपनी बड़ी मुश्किल से बाहर आ चुकी है। उन्होंने ब्रांड को मजबूत करने पर निवेश के प्लान के बारे में भी बताया था।

यह भी पढ़ें: Rajesh Exports ने सेबी के आरोपों का दिया जवाब, कहा-रेगुलेटर के आदेश में कोई सच्चाई नहीं

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

बाजार के जानकारों का कहना है कि जो निवेशक लंबे समय से वोडाफोन आइडिया के शेयरों में फंसे हुए हैं, वे मौजूदा तेजी में प्रॉफिट बुक कर सकते हैं। जिन इनवेस्टर्स के पास यह शेयर है, वे होल्ड कर सकते हैं। लेकिन, अच्छे मुनाफे के लिए उन्हें इंतजार करना होगा। नए निवेशक वोडाफोन के शेयरों में निवेश कर सकते हैं। लेकिन, उन्हें यह समझना होगा कि अभी कंपनी के लिए आगे का रास्ता बहुत आसान नहीं है। कंपनी पर काफी कर्ज है। यह सेवाओं के मामले में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल से काफी पिछड़ गई है। इसे इंफ्रास्ट्रक्चर पर जल्द बड़ा निवेश करने की जरूरत है।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।