एसी बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में 17 जून को तेजी दिखी। इन कंपनियों के शेयर 5 फीसदी तक चढ़ गए। इसकी वजह मानसून में देरी का अनुमान है। मानसून की बारिश में देर होने से एसी सहित कूलिंग अप्लासंसेज की बिक्री स्ट्रॉन्ग बनी रह सकती है। उधर, मौसम विभाग ने इस साल 35 फीसदी कम बारिश का अनुमान जताया है।
3 दिन देरी से पहुंचा मानसून
इस बार मानसून केरल में तीन दिन की देर से 4 जून को पहुंचा। आम तौर पर केरल में मानसून 1 जून तक पहुंच जाता है। इसके मुंबई करीब एक हफ्ते देर से पहुंचने की उम्मीद है। मानसून की बारिश में इस देरी का फायदा एसी बनाने वाली कंपनियों को मिलता दिख रहा है। टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास के शेयरों में 4 फीसदी की तेजी दिखी।
ब्लू स्टार का शेयर 5 फीसदी उछला
Blue Stare का शेयर 5 फीसदी उछाल के साथ 1,701 रुपये पर चल रहा था। यह रूम-एयर कंडिशनर बनाने वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चर्स और कंपोनेंट की सप्लाई करने वाली कंपनियों के शेयरों में भी तेजी दिखी है। Amber Enterprises का शेयर 1 फीसदी ऊपर चल रहा था। Havells India, PG Electroplast और Cromption Greaves Consumer Electricals के शेयरों में भी अच्छी तेजी दिखी।
अल-नीनो की वजह से बढ़ सकती है गर्मी
जून में मानसून की कम बारिश भारत के लिए कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस साल अल-नीनो के असर का पूर्वानुमान है। इससे चिंता बढ़ी है। अगर मानसून में बारिश कम होती है तो देश के कई हिस्सों खासकर उत्तर भारत में पारा ज्यादा रह सकता है। पहले से ही देश के कई हिस्सों में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है।
वोल्टास बीते एक महीने में 10 फीसदी चढ़ा
वोल्टास का शेयर 17 जून को 12:30 बजे 3.78 फीसदी चढ़कर 1,378 रुपये पर चल रहा था। बीते 5 दिनों में यह शेयर 7.33 फीसदी चढ़ा है। बीते एक महीने में यह करीब 10 फीसदी चढ़ा है। ब्लू स्टार का शेयर 5 फीसदी के उछाल के साथ 1,702 रुपये पर चल रहा था। बीते 5 दिन में यह शेयर 8.24 फीसदी चढ़ा है। शेयर बाजारों में 17 जून को लगातार तीसरे दिन तेजी दिखी। निफ्टी 0.21 फीसदी चढ़कर 24,042 पर चल रहा था। सेंसेक्स में 207 अंक का उछाल दिखा।