NSE का आईपीओ 30000-32000 करोड़ का हो सकता है, एलआईसी के हिस्सेदारी बेचने की उम्मीद नहीं

एनएसई के आईपीओ का साइज उसके आउटस्टैंडिंग शेयरों का करीब 6 फीसदी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के इस आईपीओ में एक्सचेंज में अपनी हिस्सेदारी बेचने की उम्मीद नहीं है। एलआईसी की एनएसई में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 12:00 PM
NSE के शेयर सिर्फ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आईपीओ के लिए 17 जून यानी आज का दिन खास है। एनएसई आज सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) फाइल करेगा। मामले से जुड़े सूत्रों ने सीएनबीसी-टीवी18 को यह बताया। एनएसई के आईपीओ का लंबे समय से इंतजार है। यह देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है।

LIC के हिस्सेदारी बेचने की उम्मीद नहीं 

सूत्रों ने बताया कि एनएसई के आईपीओ का साइज उसके आउटस्टैंडिंग शेयरों का करीब 6 फीसदी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के इस आईपीओ में एक्सचेंज में अपनी हिस्सेदारी बेचने की उम्मीद नहीं है। एलआईसी की एनएसई में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है।


30000-32000 करोड़ का हो सकता है IPO

5 लाख करोड़ रुपये के संभावित मार्केट कैपिटलाइजेशन पर अगर एनएसई 6 फीसदी शेयर बेचता है तो इसका मतलब है कि आईपीओ का साइज 30,000-32,000 करोड़ रुपये हो सकता है। इससे यह इंडिया का सबसे बड़ा आईपीओ हो जाएगा। अभी सबसे बड़ा आईपीओ पेश करने का रिकॉर्ड Hyundai Motor के नाम है। इसने 2024 में भारत में 27,000 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था।

NSE के शेयर सिर्फ बीएसई पर लिस्ट होंगे

NSE के शेयर सिर्फ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे। बीएसई के शेयर सिर्फ एनएसई पर लिस्टेड हैं। ये दोनों भारत के दो प्रमुख एक्सचेंज हैं। एनएसई में देश की कई वित्तीय संस्थाओं की हिस्सेदारी है। सबसे ज्यादा 10.72 फीसदी हिस्सेदारी LIC की है। इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की 3.23 फीसदी हिस्सेदारी है। एसबीआई कैपट की 4.33 फीसदी हिस्सेदारी है। स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SHCI) की 4.44 फीसदी हिस्सेदारी है। जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन की एनएसई में 1.64 फीसदी हिस्सेदारी है।

यह भी पढ़ें: Brigade Enterprises share Price: क्या ब्रिगेड एंटरप्राइजेज का शेयर 20% क्रैश कर गया? जानिए क्या है पूरा मामला

इन कंपनियों की भी एनएसई में हिस्सेदारी

न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी और ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में से प्रत्येक की एनएसई में 1.42 फीसदी हिस्सेदारी है। दिग्गज स्टॉक इनवेस्टर राधाकिशन दमानी की एनएसई में 1.58 फीसदी हिस्सेदारी है। सूत्रों ने कहा है कि एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, न्यू इंडिया एश्योरेंस, क्रिसकैपिटलल और टेमासेक एनएसई के आईपीओ में अपनी हिस्सेदारी बेच सकते हैं।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।