Voltas Share Price: आज के कारोबार में वोल्टास (Voltas) के शेयर करीब 3 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। यह स्टॉक आज मिडकैप के टॉप लूजरों में से एक रहा है। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे कमजोर रहे हैं। जिसका असर आज इस स्टॉक पर दिखा है। गौरतलब है कि वोल्टास एयर कंडीशनिंग और इंजीनियरिंग सर्विसेज प्रोवाइडर कंपनी है। 30 सितंबर 2022 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी को 6.04 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड घाटा हुआ है। इस घाटे की वजह एक विदेशी प्रोजेक्ट के लिए किया गया प्रोविजन रहा है।
बता दें कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 104.29 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी की रेवेन्यू सालाना आधार पर 4.7 फीसदी की बढ़त के साथ 1768.36 करोड़ रुपये पर रही है। जो कि सितंबर 2021 तिमाही में 1689.08 करोड़ रुपये पर रही थी।
विदेशी प्रोजेक्ट पर किए गए खर्चे के चलते मुनाफे पर दबाव
कंपनी ने नतीजे जारी करते हुए अपने एक बयान में कहा है कि एक विदेशी प्रोजेक्ट पर किए गए खर्चे के चलते सितंबर तिमाही में कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है। फिलहाल 11.53 बजे के आसपास वोल्टास के शेयर एनएसई पर 40.25 रुपये यानी 4.30 फीसदी की गिरावट के साथ 870.25 रुपये के स्तर पर नजर आ रहा था। स्टॉक का दिन का लो 868.95 रुपये पर है जबकि दिन का हाई 910.00 रुपये का है।
इस स्टॉक पर जापानी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने अपनी राय देते हुए इसमें खरीदारी करने की सिफारिश की है और इसके लिए 1083 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है। नोमुरा का कहना है कि अगले 1 साल में इस स्टॉक में वर्तमान लेवल से 23 फीसदी की बढ़त देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि अगले कुछ वर्षों में कंपनी के मार्जिन में सुधार देखने को मिलेगा और इस समय स्टॉक का वैल्यूएशन भी अच्छा नजर आ रहा है।
इसी तरह एक दूसरे विदेशी ब्रोकरेज हाउस सिटी ने इस स्टॉक को Buy रेटिंग देते हुए इसके लिए 1075 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि दूसरे तिमाही के कंपनी के नतीजे मिले-जुले रहे हैं। इस अवधि में कंपनी के बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह जून के अंत के 24 फीसदी से बढ़कर जुलाई में 24.5 फीसदी पर आ गई। ब्रोकरेज हाउस का यह भी मानना है कि हाई कॉस्ट इनवेंट्री के चलते कंपनी के मार्जिन पर बना दबाव जल्द ही खत्म होता नजर आएगा।
जेफरीज ने भी दी "buy" रेटिंग लेकिन घटाया टारगेट
ब्रोकरेज हाउस जेफरीज ने भी वोल्टास को "buy" कॉल देते हुए इसके लिए लक्ष्य घटाकर 1200 रुपए कर दिया है। जेफरीज का मानना है कि अगले 12 महीने में इस स्टॉक में वर्तमान स्तर से 36 फीसदी की बढ़त देखने को मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।