VRL Logistics Stock Price: दिसंबर तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद VRL लॉजिस्टिक्स के शेयरों में आज 6 फरवरी को 20% तक की तेजी आई और इसने अपनी अपर सर्किट सीमा को छू लिया। कंपनी के शेयरों में भारी वॉल्यूम देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में NSE और BSE पर कंपनी के 8 लाख शेयरों का कारोबार हुआ। यह दोनों एक्सचेंजों पर इस शेयर के पिछले एक सप्ताह के औसत 66,000 शेयरों से काफी अधिक है। हालांकि आज की तेजी के बावजूद, पिछले तीन महीनों में इस शेयर का प्रदर्शन मोटे तौर पर सपाट रहा है और इस दौरान इसमें 3 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं निफ्टी 50 में इस दौरान 1 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
