US Stock Market News: मंगलवार को वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में 1% तक के उछाल ने अमेरिकी बाजारों के मजबूत खुलने का संकेत दिया। साथ ही तेल की कीमतों में करीब 1% की गिरावट भी सपोर्ट दे रही है। कच्चे तेल में यह गिरावट उस रिपोर्ट के बाद आई जिसमें कहा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार हैं। सुबह करीब 10:45 बजे (भारतीय समयानुसार) के आसपास, नैस्डैक-100 से जुड़े फ्यूचर्स 0.55% चढ़ गए तो S&P 500 के फ्यूचर्स 0.7% और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज के फ्यूचर्स 0.8% उछल पड़े। वहीं कच्चे तेल की बात करें तो मई डिलीवरी का ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स $1.22 यानी 1.08% गिरकर $111.56 प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि इस गिरावट से पहले यह करीब 2% ऊपर चढ़ा था। वैसे ध्यान दें कि मई कॉन्ट्रैक्ट मंगलवार को समाप्त हो रहा है, और जून कॉन्ट्रैक्ट $105.76 पर है।
खत्म हो रहा Iran-US War? खुल जाएगा होर्मुज जलडमरूमध्य?
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा बिना खोले भी ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को समाप्त करने के लिए तैयार हैं। अमेरिकी मीडिया ने सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी कि ट्रंप युद्ध बंद करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के मुद्दे को बाद में सुलझाने को लेकर तैयार हैं। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक युद्ध समाप्त होने की संभावना पर कच्चे तेल की कीमतें फिसल गए लेकिन किसी बड़े बदलाव के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल की सप्लाई का पूरी तरह से सामान्य होना जरूरी होगा।
कैसी है एशियाई मार्केट की हालत?
एशियाई बाजारों की बात करें तो मिला-जुला रुझान दिख रहा है। जापान का निक्केई 1.3% गिर गया। इस महीने यह 12% से अधिक फिसल चुका है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी मंगलवार को 3.46% गिरा और इस महीने यह 17% अधिक की फिसलन की तरफ बढ़ रहा है, जो साल 2008 के बाद सबसे बड़ी गिरावट होगी। अब घरेलू मार्केट की बात करें तो श्री महावीर जयंती के मौके पर आज स्टॉक मार्केट बंद है। एक कारोबारी दिन पहले यानी इस वित्त वर्ष 2026 के आखिरी कारोबारी दिन स्टॉक मार्केट में हाहाकार मच गया था। निफ्टी की मंथली एक्सपायरी के दिन 30 मार्च को सेंसेक्स 1635.67 प्वाइंट्स यानी 2.22% की फिसलन के साथ 71,947.55 और निफ्टी 50 भी 488.20 प्वाइंट्स यानी 2.14% की फिसलन के साथ 22,331.4 पर बंद हुआ था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।