दुनिया के सफलतम निवेशकों में से एक वॉरेन बफे ने इक्विटी मार्केट के अपने लंबे अनुभव के दम पर निवेशकों को मंदी से बचने के कई मूल मंत्र दिए हैं। इक्विटी बाजार के अस्थिर और अप्रत्याशित व्यवहार को देखते हुए वॉरेन बफे की इन निवेश मंत्रों के घ्यान में रखना निवेशकों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। वॉरेन बफे के ये निवेश मंत्र 2023 के लिए भी प्रासंगिक हैं। इस दिग्गज निवेशक के मुताबिक हमें कोई भी निवेश निर्णय लेने के लिए पांच बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए डालते हैं इन पर एक नजर।
1. प्रोडक्टिव एसेट्स में करें निवेश: वॉरेन बफे प्रोडक्टिव एसेट्स जैसे रियल एस्टेट, वस्तुओं या सेवाओं का उत्पादन करने वाले कारोबार और कृषि भूमि में निवेश करने की सलाह देते हैं। ये एसेट्स कैश फ्लो (नकद पैसा) जेनरेट करते हैं, जिसे फिर से निवेश किया जा सकता है या इसे कैश डिविडेंट के भुगतान करने जैसे अन्य उद्देश्यों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रोडक्टिव एसेट्स में निवेश करने से आय का एक स्थिर और विश्वसनीय स्रोत उत्पन्न होता है जो बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं होता।
2. लंबी अवधि के निवेश पर करें फोकस: वॉरेन बफे की निवेशकों को सलाह है कि वे लंबी अवधि के लिए निवेश करने पर फोकस करें और छोटी अवधि के निवेश से बचें। उनका मानना है कि शेयर बाजार समय के साथ ग्रोथ करना जारी रखेगा। ऐसे में जो निवेशक लंबे समय तक अपने निवेश को बनाए रखते हैं उन्हें इसका फायदा मिलेगा।
3. अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाएं: वॉरेन बफे पोर्टफोलिया डाइवर्सिफेकेशन (विविधीकरण) को महत्व देते हैं। निवेशकों को अपने सारे अंडे एक ही टोकरी में नहीं रखने चाहिए। अगल-अगल एसेट क्लास में अपना निवेश फैलाकर हम अपना निवेश जोखिम कम कर सकते हैं। किसी एक ही एसेट क्लॉस में निवेश रिटर्न की गारंटी नहीं देता। साथ ही इसमें जोखिम भी ज्यादा होता है।
4. बाजार की वोलैटिलिटी से घबराएं नहीं: वॉरेन बफे ने बाजार की अस्थिरता ( वोलैटिलिटी) पर अत्यधिक प्रतिक्रिया करने के खिलाफ चेतावनी दी है। उथल-पुथल भरे बाजार में निवेशक अक्सर घबराकर जल्दबाज़ी में निर्णय ले लेते हैं। इससे अक्सर उनको नुकसान ही होता है। वॉरेन बफे की सलाह है कि वोलैटिलिटी से घबराएं नहीं, शांत रहकर अपने दीर्घकालिक लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें।
5. मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों में निवेश करें: बफेट की निवेशकों को सलाह है कि वे मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों की तलाश करें और उनमें लंबी अवधि के लिए निवेश करें। मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों का मतलब ऐसी कंपनियों से है जिनकी बैलेंस शीट अच्छी होती है, जिनके आय में स्थिरता होती है और जिनका प्रबंधन योग्य और ईमानदार लोगों के हाथों में होता है। ऐसी कंपनियां के मंदी के महौल में भी अच्छा करने की संभावना ज्यादा होती है। आगे चलकर ऐसी कंपनियां और मजबूत बनकर उभरती हैं।
ग्लोबल इकोनॉमी, महंगाई और संभावित मंदी पर हाल के आंकड़े भी वॉरेन बफे के इन निवेश मंत्रो के शाश्वत सत्य का समर्थन करते हैं। फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स की एक रिपोर्ट के मुताबित जिन निवेशकों ने COVID-19 महामारी के दौरान शेयर बाजार में निवेश बनाए रखा उन्हें जोरदार रिटर्न मिला है।
एसएंडपी 500 इंडेक्स ने पिछले तीन साल में 34.39 फीसदी और पिछले पांच साल में 52.47 फीसदी रिटर्न दिया है। यह लंबी अवधि के लिए निवेश करने और बाजार की वोलैटिलिटी से न घबराने पर मिला प्रतिफल है। कुल मिलाकर देखें तो वॉरेन बफे के ये निवेश मंत्र 2023 के लिए भी प्रासंगिक हैं। प्रोडक्टिव एसेट क्लॉस में निवेश करके, लंबी अवधि के निवेश पर फोकस करके, अपने पोर्टफोलियो में विविधता ला कर, बाजार की वोलैटिलिटी पर अत्यधिक प्रतिक्रिया करने से बच कर और मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों में निवेश करके निवेशक किसी भी माहौल में अपने निवेश पर अच्छा रिटर्न हासिल कर सकते हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।