Market news: मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच 25 जनवरी के शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में गिरावट देखने को मिल रही। विश्लेषकों का मानना है कि मंथली एफएंडओ एक्सपायरी के दिन घरेलू बाजारों में साइडवेज कंसेलीडेशन देखने को मिल सकता है। आज निफ्टी के लिए 21,000 पर बड़ा सपोर्ट दिख रहा है। सुबह 10:30 बजे के आसपास सेंसेक्स 0.75 फीसदी गिरकर 70,518.27 पर दिख रहा था। जबकि एनएसई निफ्टी 0.66 फीसदी फिसलकर 21,312.05 पर दिख रहा था।
प्रभुदास लीलाधर की वैशाली पारेख के मुताबिक निफ्टी के 21,100 पर सपोर्ट दिख रहा है। जबकि ऊपर की तरफ इसके लिए 21,400 पर रजिस्टेंस है। हालांकि, 21,000 के मनोवैज्ञानिक लेवल के नीचे जाने पर ट्रेंड और कमजोर हो जाएगा। जिससे गिरावट बढ़ सकती है।
रस्साकशी में FII-DII, इंडिया इंक के तीसरी तिमाही के स्कोरकार्ड ने बाजार को अब तक किया निराश
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अगले कुछ कारोबारी सत्रों में साइडवेज़ कंसेलीडेशन जारी रहने की उम्मीद है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) और घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) के बीच रस्साकशी कॉर्पोरेट नतीजों के सीजन के तीसरे हफ्ते में भी जारी रहेगी। अब तक, इंडिया इंक के तीसरी तिमाही के नतीजे बाजार की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वी के विजयकुमार की सलाह है कि निवेशकों को इस वोलैटिलिटी का इस्तेमाल अपने पोर्टफोलियो में फेरबदल करने के लिए करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बैंकिंग शेयरों का वैल्यूएशन अच्छा दिख रहा है। आगे इनका प्रदर्शन अच्छा रहने की संभावनाएं दिख रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस समय एचडीएफसी बैंक जैसे ब्लूचिप्स में वैल्यू दिख रही है।
IT और बैंक शेयरों पर दबाव
सेक्टर के लिहाज से देखें तो आज निफ्टी आईटी इंडेक्स सबसे ज्यादा पिटा है। तीसरी तिमाही के कमजोर नतीजो के बाद टेक महिंद्रा के शेयरों में 4 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। एचएसबीसी के विश्लेषकों ने सभी सेक्टरो में मांग में कमी की संभावना और चुनौतीपूर्ण मैक्रो स्थितियों को देखते हुए निकट अवधि में कंपनी में सुधार पर संदेह करते हुए काउंटर पर 'होल्ड' कॉल दी है।
एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे प्राइवेट बैंकों में कमजोरी के बीच बैंक निफ्टी भी लाल निशान में फिसलकर 44,892 पर पहुंच गया है। हालांकि, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक जैसे पीएसयू बैंक के शेयरों में 1 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
चॉइस ब्रोकिंग के रिसर्च एनालिस्ट देवेन मेहता का कहना है कि बैंक निफ्टी के लिए 44,800 पर पहला सपोर्ट दिख रहा है। इसके बाद 44,700 और 44,500 पर बड़े सपोर्ट हैं। उन्होंने कहा अगर इंडेक्स में तेजी आती है तो 45,300 पर तत्काल रजिस्टेंस होगा। उसके बाद 45,500 और 45,700 पर अगले रजिस्टेंस हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।