बाजार में गिरावट ने दिया तगड़ी कमाई का मौका, कौन से स्टॉक्स हैं ब्रोकरेज की रडार पर?
शेयर बाजार में हाल की गिरावट के बाद कई स्टॉक्स आकर्षक वैल्यूएशन पर आ गए हैं। इसे देखते हुए Jefferies, JM Financial, Motilal Oswal समेत कई ब्रोकरेज फर्म्स ने नए स्टॉक्स पर कवरेज शुरू की है। एक्सपर्ट का मानना है कि कंपनियों की आय में सुधार की संभावना है, जिससे लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट के मौके बन सकते हैं। आइए जानते हैं कि क्या यह निवेश का सही वक्त है? किन कंपनियों और सेक्टर में निवेश पर कमाई का मौका मिलेगा?
कई स्टॉक्स अब ज्यादा आकर्षक या वाजिब वैल्यूएशन पर नजर आ रहे हैं।
Stock Market Correction Investment Opportunity: पिछले कुछ महीनों के दौरान शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। इससे कई स्टॉक्स का वैल्यूएशन अपने वाजिब स्तर पर आ गया है, या फिर काफी सस्ता हो गया है। इसका फायदा रिटेल इन्वेस्टर्स को देने के लिए दो दर्जन से ज्यादा ब्रोकरेज फर्म्स ने अपने स्टॉक्स की कवरेज का दायरा बढ़ाया है। इनमें Jefferies, Macquarie, Nomura, Morgan Stanley, JM Financial, Axis Capital, Elara Capital और Motilal Oswal Financial Services जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।
गिरावट के बाद किन स्टॉक्स पर नजर?
शेयर बाजार एक्सपर्ट का मानना है कि हाल की गिरावट के चलते कई स्टॉक्स अब ज्यादा आकर्षक या कम से कम वाजिब वैल्यूएशन पर नजर आ रहे हैं। इसी कारण एनालिस्ट्स नए स्टॉक आइडिया पेश कर रहे हैं, ताकि निवेशकों को अच्छे मौके मिल सकें।
Jefferies India और JM Financial इस ट्रेंड को लीड कर रहे हैं। Jefferies ने Patanjali India, Waaree Energies, Sai Life Sciences और Swiggy पर कवरेज शुरू किया है। इन शेयरों से अगले 12 महीनों में बेहतर रिटर्न का अनुमान लगाया है। वहीं, JM Financial ने Tata Communications, Bazaar Style Retail, Sagility और IKS Health को कवर करना शुरू किया है। इनमें से ज्यादातर को उसने 'बाय' रेटिंग दी है।
वहीं, मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने Dr. Agarwal’s Health और Bharti Hexacom को कवर करना शुरू किया है। Macquarie ने Adani Green Energy, Nuvama ने Afcons Infrastructure, Ambit ने ITC Hotels पर और Nirmal Bang ने Hyundai Motors India पर कवरेज शुरू की है। इससे इन्वेस्टर्स को इन स्टॉक्स के बारे में बेहतर जानकारी मिल पाएगी।
क्या करेक्शन से नया इन्वेस्टमेंट सेगमेंट खुला?
स्वतंत्र रिसर्च एनालिस्ट दीपक जसानी का मानना है कि एनालिस्ट्स को आने वाली तिमाहियों के दौरान कंपनियों की आय में सुधार होने की उम्मीद है। अप्रैल के मध्य से चौथी तिमाही के नतीजे आने वाले हैं, जिससे स्टॉक्स में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।
वहीं, एक्सिस सिक्योरिटीज (Axis Securities) के टेक्निकल रिसर्च प्रमुख राजेश पलविया के मुताबिक, हाल के महीनों में बाजार में आई गिरावट के कारण कई स्टॉक्स आकर्षक वैल्यूएशन पर आ गए हैं। इससे लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट के अच्छे मौके बने हैं, जिसके चलते ब्रोकरेज फर्म्स नए स्टॉक्स पर कवरेज शुरू कर रही हैं।
शेयर बाजार में कितनी गिरावट आई है?
सितंबर 2024 में अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 10% गिरे हैं। वहीं, ब्रॉडर मार्केट में 19% से ज्यादा गिरावट आई है। इसके पीछे की प्रमुख वजह विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, ऊंचा वैल्यूएशन, कमजोर कमाई, अर्थव्यवस्था की थोड़ी सुस्त रफ्तार रही। साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन, कनाडा और मेक्सिको जैसे देशों पर भारी टैरिफ लगाया। यह भी भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट की बड़ी वजह बना।
क्या निवेशकों का बाजार पर भरोसा बरकरार है?
शेयर मार्केट में हालिया गिरावट के बावजूद खुदरा निवेशकों ने बाजार से पैसा निकालने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई है। वे अभी भी ब्रोकर्स से गाइडेंस ले रहे हैं और सही निवेश अवसरों की तलाश में हैं।
राजेश पलविया का कहना है कि इस करेक्शन के बाद बाजार में बड़ा बदलाव हो सकता है। नए सेक्टर एवं स्टॉक्स उभर सकते हैं। एनालिस्ट्स ऐसे सेक्टर को चुन रहे हैं जहां भविष्य में मजबूत कमाई की संभावना है। इसलिए, लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट के लिए नई कवरेज रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं।