Share Market Rally: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के ऐलान से भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 3 फरवरी को बंपर तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 2,500 अंक से ज्यादा उछल गया। वहीं निफ्टी एक बार फिर बढ़कर 25,850 के पार पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर टैरिफ घटाने के ऐलान से निवेशकों में जबरदस्त जोश देखने को मिला। बाजार खुलते ही चौतरफा खरीदारी की होड़ दिखी। सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। बैंकिंग, मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल गुड्स और फाइनेंशियल शेयरों में खासतौर पर मजबूत खरीदारी दिखी। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
