IT कंपनी विप्रो (Wipro) का शेयर बायबैक ऑफर आज, 11 जून से खुल गया। कंपनी 15,000 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक कर रही है। इसके तहत यह अपने शेयरहोल्डर्स से 60 करोड़ शेयरों को वापस खरीदेगी। रिकॉर्ड डेट 5 जून, 2026 थी। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में रहे होंगे, वे बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे।
विप्रो के बायबैक ऑफर की क्लोजिंग 17 जून को होगी। बायबैक के लिए मैनेजर जेएम फाइनेंशियल है। रजिस्ट्रार केफिनटेक टेक्नोलोजिज लिमिटेड है। Wipro के बोर्ड ने 2026 के बायबैक प्रोग्राम को 16 अप्रैल को मंजूरी दी थी।
Wipro ने बायबैक प्राइस 250 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। बायबैक में प्रमोटर और प्रमोटर समूह के सदस्य भी हिस्सा लेने वाले हैं। कंपनी लगभग 3 साल बाद शेयर बायबैक कर रही है। पिछला बायबैक जून 2023 में किया गया था। उस वक्त विप्रो ने 22 जून से 30 जून के बीच 12,000 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदे थे। इसने 26.96 करोड़ इक्विटी शेयर हासिल किए थे। बायबैक प्राइस 445 रुपये प्रति शेयर था।
विप्रो के बायबैक ऑफर के तहत छोटे शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व कैटेगरी में आने वाले पात्र शेयरहोल्डर रिकॉर्ड डेट (5 जून) पर अपने पास मौजूद हर 56 इक्विटी शेयरों के लिए 11 इक्विटी शेयर टेंडर कर सकते हैं, यानि कि बेचने के लिए पेश कर सकते हैं। जनरल कैटेगरी में आने वाले शेयरहोल्डर रिकॉर्ड डेट पर उनके पास मौजूद हर 197 इक्विटी शेयरों पर 10 इक्विटी शेयर टेंडर कर सकते हैं।
Wipro बायबैक में कैसे ले सकते हैं हिस्सा?
Wipro के शेयरहोल्डर, स्टॉक एक्सचेंज पर खुलने वाली एक अलग विंडो के जरिए BSE या NSE में रजिस्टर्ड स्टॉक ब्रोकर के पास बोली लगाकर शेयर बायबैक में हिस्सा ले सकते हैं। रजिस्ट्रार 19 जून, 2026 तक जमा किए गए शेयरों का वेरिफिकेशन पूरा कर लेगा। इसके बाद बायबैक के तहत जमा किए गए शेयरों को मंजूरी देने या रिजेक्ट करने की जानकारी 23 जून तक स्टॉक एक्सचेंजेस को दे दी जाएगी। पात्र शेयरहोल्डर्स को पेमेंट 24 जून तक कर दिया जाएगा।
बायबैक के बाद Wipro 24 जून तक उन शेयरों को वापस कर देगी, जिन्हें मंजूर या स्वीकार नहीं किया गया है। याद रहे कि अगर आप शेयरहोल्डर हैं और बायबैक में हिस्सा ले रहे हैं तो आपका डीमैट अकाउंट एक्टिव होना चाहिए और अनब्लॉक होना चाहिए। पेमेंट पाने के लिए बैंक अकाउंट, डीमैट अकाउंट से लिंक होना चाहिए।
गुरुवार को विप्रो के शेयर की कीमत
11 जून को विप्रो के शेयर में गिरावट है। दिन में शेयर BSE पर पिछले बंद भाव से लगभग 1.7 प्रतिशत तक टूटकर 175.80 रुपये के लो तक गया। बाद में लगभग 1 प्रतिशत गिरावट के साथ 177.40 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.86 लाख करोड़ रुपये है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक सप्ताह में 12 प्रतिशत और 6 महीनों में 30 प्रतिशत फिसला है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.62 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर को कवर करने वाले 45 एनालिस्ट्स में से 11 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 19 ने 'होल्ड' की सलाह दी है, और 15 ने 'सेल' की सलाह दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।