जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के शेयरों में 11 जून को दिन में 9.5 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 112.80 रुपये के हाई तक गया। बाद में 8 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 111.51 रुपये पर सेटल हुआ। एक दिन पहले कंपनी के बोर्ड ने कम से कम 2300 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। यह फंड एक या एक से अधिक राउंड में जुटाया जाएगा। इसका इस्तेमाल कंपनी की रणनीतिक और कारोबारी पहलों के लिए किया जाएगा।
एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया कि फंड जुटाने के तरीके अभी तय नहीं हुए हैं। इन पर अभी और चर्चा की जाएगी। इससे पहले जून महीने की शुरुआत में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने फीफा के साथ 8 साल की पार्टनरशिप की घोषणा की थी। इसके तहत वह भारत में फुटबॉल विश्व कप 2026 समेत फीफा के सभी 39 वैश्विक फुटबॉल टूर्नामेंट्स का प्रसारण करेगी। भारतीय फुटबॉल प्रेमी ‘जी’ के स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और उसके स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जी5 पर भी इन मैचों का लाइव कवरेज देख सकेंगे।
ZEEL का मार्केट कैप 10700 करोड़ रुपये हो गया है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 3.99 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 40 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 22 प्रतिशत मजबूत हुआ है।
मार्च तिमाही में ZEEL के घाटे में गिरावट
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा कम होकर 103.7 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले घाटा 188.4 करोड़ रुपये रहा था। कुल इनकम सालाना आधार पर 5.36 प्रतिशत घटकर 2,101.1 करोड़ रुपये रही। खर्च 2,341.8 करोड़ रुपये के दर्ज किए गए, जो मार्च 2025 तिमाही में 1,958.4 करोड़ रुपये के थे। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान ZEEL का शुद्ध मुनाफा 60 प्रतिशत घटकर 271.3 करोड़ रुपये रहा। इनकम 8,245 रुपये पर लगभग फ्लैट रही।
कंपनी वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने वाली है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। शेयरहोल्डर्स की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं हुई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।