Lenskart Block Deal: ₹1960 करोड़ में बिक गए 4 करोड़ शेयर, Platinum Jasmine के सेलर होने का अनुमान

Lenskart Block Deal: मार्च तिमाही तक 'प्लैटिनम जैस्मीन A 2018 ट्रस्ट' के पास 20.98 करोड़ शेयर या 12.08 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। हाल ही में जापान के सॉफ्टबैंक समूह ने लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में अपनी 3.25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 4:48 PM
ये शेयर लेंसकार्ट की कुल इक्विटी के लगभग 2.3 प्रतिशत के बराबर हैं।

चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में एक ब्लॉक डील के जरिए 4 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई है। डील 1960 करोड़ रुपये की रही। सौदा 490 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर हुआ। बुधवार को CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में कहा गया कि अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) की यूनिट 'प्लैटिनम जैस्मीन A 2018 ट्रस्ट' ब्लॉक डील के जरिए 4 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है। ये शेयर लेंसकार्ट की कुल इक्विटी के लगभग 2.3 प्रतिशत के बराबर हैं।

मार्च तिमाही तक 'प्लैटिनम जैस्मीन A 2018 ट्रस्ट' के पास Lenskart के 20.98 करोड़ शेयर या 12.08 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। 4 करोड़ शेयर बेचने के बाद इसकी होल्डिंग घटकर लगभग 16.98 करोड़ शेयर या कंपनी की इक्विटी का लगभग 9.8 प्रतिशत रह जाने का अनुमान है। हिस्सेदारी बेचने के बावजूद, यह ट्रस्ट लेंसकार्ट के सबसे बड़े पब्लिक शेयरहोल्डर्स में से एक बनी रहेगी। बेचने वाले पर अपनी बची हुई होल्डिंग के लिए 90 दिन का लॉक-अप भी लागू रहेगा।

Lenskart के शेयर में तेजी


ब्लॉक डील के बावजूद लेंसकार्ट के शेयरों में तेजी है। शेयर BSE पर मामूली बढ़ोतरी के साथ 502.35 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 87300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी ने 10 जून को लेंसकार्ट सॉल्यूशंस पर अपनी 'Outperform' रेटिंग बरकरार रखी। साथ ही शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया। ब्रोकरेज का कहना है कि पिछले दो तिमाहियों में कंपनी को जो ग्रोथ सपोर्ट मिला है, वह आगे भी जारी रह सकता है। इसी वजह से आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

फिलहाल 19 एनालिस्ट लेंसकार्ट को कवर करते हैं। इनमें से 15 ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग दी है। 3 ने 'Hold' और सिर्फ 1 ने 'Sell' की सलाह दी है। सिटी ने भी शेयर के लिए 600 रुपये का टारगेट दिया है। वहीं मॉर्गन स्टेनली का टारगेट 576 रुपये है। CLSA अकेली ऐसी ब्रोकरेज है, जिसने 'सेल' रेटिंग देते हुए 437 रुपये प्रति शेयर का टारगेट रखा है।

हाल ही में सॉफ्टबैंक ने कम किया था हिस्सा

हाल ही में जापान के सॉफ्टबैंक समूह ने लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में अपनी 3.25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी। इस दौरान 5,65,00,000 शेयर बेचे गए। यह बिक्री ओपन मार्केट ट्रांजेक्शन के जरिए 2,873 करोड़ रुपये में हुई। सॉफ्टबैंक ने अपनी सहयोगी कंपनी एसवीएफ II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड के जरिए हिस्सेदारी बेची। अब सॉफ्टबैंक की अपनी सहायक कंपनी के माध्यम से लेंसकार्ट में हिस्सेदारी 9.88 प्रतिशत है। पहले यह 13.13 प्रतिशत थी। सॉफ्टबैंक विजन फंड ने लेंसकार्ट में सबसे पहले साल 2019 में निवेश किया था। लेंसकार्ट BSE और NSE पर 10 नवंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO 7278.02 करोड़ रुपये का था।

Stock Market Crash: Sensex में 400 अंकों की गिरावट, 5 वजहों से धड़ाधड़ होने लगी मार्केट में बिकवाली

सॉफ्टबैंक की ओर से की गई हिस्सेदारी बिक्री के तहत व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड (MF), मिरे एसेट MF, कोटक MF, केनरा रोबेको MF, ICICI प्रूडेंशियल MF, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, सोसाइटी जेनरल, मेट्ज़लर एसेट मैनेजमेंट, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी, कॉप्थॉल मॉरीशस इनवेस्टमेंट, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड, और डेंडाना इनवेस्टमेंट्स (मॉरीशस) लिमिटेड खरीदार रहे।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।