Wipro share price: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो लिमिटेड के शेयरों में आज 23 जनवरी को 5 फीसदी तक की शानदार तेजी देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर 2.86 फीसदी की बढ़त के साथ 317.90 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 324.55 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। दरअसल, कंपनी ने FY25 की दिसंबर तिमाही में मजबूत आंकड़े पेश किए हैं। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों पर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 3.32 लाख करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक लो 208.40 रुपये है।
दिसंबर तिमाही विप्रो के लिए लगातार चौथी तिमाही रही, जिसमें कंपनी ने अपने मार्जिन में बढ़ोतरी दर्ज की। इस तिमाही में कंपनी का EBIT मार्जिन तीन वर्षों के हाई पर पहुंच गया। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 4.5 फीसदी बढ़कर 3,354 करोड़ रुपये हो गया, जबकि रेवेन्यू में 0.1 फीसदी की मामूली वृद्धि देखी गई, जो 22319 करोड़ रुपये हो गई।
दिसंबर तिमाही में विप्रो की आईटी सर्विसेज का रेवेन्यू 2.6 अरब डॉलर रहा, जो कि कॉस्टेंट करेंसी में तिमाही आधार पर 0.1 फीसदी अधिक है। कंपनी ने $3.5 अरब का ऑर्डर इंटेक दर्ज किया, जो तिमाही आधार पर 1.3 फीसदी की गिरावट है। बड़े डील्स का TCV तिमाही आधार पर 35 फीसदी घटकर $0.96 अरब पर आ गया।
आईटी सर्विसेज का EBIT मार्जिन 17.5 फीसदी पर रहा। EBITDA तिमाही आधार पर 4 फीसदी और सालाना आधार पर 12.5 फीसदी बढ़कर ₹47 बिलियन हो गया, जो ₹45 अरब के अनुमानों को पार कर गया। तिमाही के लिए PAT ₹33.6 अरब तक पहुंच गया, जिसमें QoQ और YoY दोनों में 4.7 फीसदी की वृद्धि हुई। FY25 की 9 महीने की अवधि में रेवेन्यू में 1.4 फीसदी की गिरावट आई, जबकि EBIT और PAT में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11.4 फीसदी और 16.7 फीसदी की वृद्धि हुई।
Wipro के शेयरों पर ब्रोकरेज की राय
मोतीलाल ओसवाल ने 290 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ विप्रो के शेयरों को "न्यूट्रल" रेटिंग दी है। वहीं, सिटी ने 280 रुपये के टारगेट के साथ बेचने की सलाह दी है,, हालांकि इसने स्टॉक पर अपनी "नेगेटिव कैटेलिस्ट वॉच" हटा ली है। नोमुरा ने "Buy" रेटिंग दी है और ₹340 का टारगेट रखा है, यह तर्क देते हुए कि Q4 के कमजोर गाइडेंस के बावजूद डिस्क्रेशनरी डिमांड में सुधार हो रहा है। इस बीच, मैक्वेरी ने "आउटपरफॉर्म" रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस ₹330 तय किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।