WomanCart IPO Listing: ब्यूटी और स्किनकेयर प्रोडक्ट्स बेचने वाली वूमनकार्ट (WomanCart) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसका आईपीओ ओवरऑल 67 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 86 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 117 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 36 फीसदी का लिस्टिंग गेन (WomanCart Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद भी तेजी थमी नहीं। उछलकर यह 122.85 रुपये (WomanCart Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी लेवल पर आज यह बंद हुआ है यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक 42.85 फीसदी मुनाफे में हैं।
WomanCart IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
वूमनकार्ट के 9.56 करोड़ रुपये के आईपीओ में खदरा निवेशकों ने जमकर पैसे लगाए थे। यह आईपीओ 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। खुदरा निवेशकों ने इसमें जमकर पैसे लगाए थे और उनके लिए आरक्षित आधा हिस्सा 71.94 गुना भरा था। ओवरऑल यह इश्यू 67.48 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 11.12 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल ब्रांडिंग और मार्केटिंग, ऐप डेवलपमेंट, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
2018 में बनी वूमनकार्ट ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म है। पिछले साल अप्रैल 2022 में दिल्ली के शालीमार बाग में इसने एक ऑफलाइन स्टोर खोला था। यह कंपनी 100 से अधिक स्किनकेयर ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स ऑफर करती है। इसने अपना खुद का भी ब्यूटी ब्रांड जैसे कि सायदा ज्वैल्स (Sayda Jewels), वंडरकर्व (Wondercurve) और फईजा एंड फेया (Faeezah & Feya) भी लॉन्च किया है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है।
वित्त वर्ष 2021 में इसे 17.94 लाख रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था जबकि अगले ही वित्त वर्ष 2022 में इसे 20.74 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 47.01 लाख रुपये पर पहुंच गया। इस वित्त वर्ष 2023-24 के शुरुआती पांच महीने अप्रैल-अगस्त 2023 में ही इसे 54.35 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हो चुका है।