निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक यस बैंक ने गुरुवार 17 अगस्त को अपना नया मोबाइल बैंकिंग ऐप आईरिस (Iris) पेश किया। यह ऐप नए और पुराने, सभी ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है। इसमें 100 से अधिक फीचर्स और सर्विसेज एक ही प्लेटफॉर्म पर कुछ ही क्लिक में उपलब्ध हैं। इस अपडेट को लेकर बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है। बैंक के दावे के मुताबिक यह ऐप इस तरह से डिजाइन किया गया है कि सभी ऐज ग्रुप और बैकग्राउंड के यूजर्स इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा इसमें यूजर्स के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बॉयोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन, सिम बाइंडिंग और टू-फैक्टर वेरिफिकेशन जैसे फीचर्स हैं।
Iris मोबाइल ऐप के खास फीचर्स
सेविंग्स अकाउंट: इस ऐप के यूजर्स रियल टाइम में आसानी से बचत खाता खोल सकते हैं।
सेकंडों में लोन: ऐप के जरिए सभी लोन प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं जिनकी मंजूरी भी फटाफट ऐप पर ही मिल जाएगी।
डिपॉजिट्स: ऐप के जरिए किसी भी समय आरडी और एफडी कर सकते हैं।
आसान पेमेंट्स: बिना किसी झंझट के पेमेंट के लिए ऐप पर मौजूद कई डिजिटल मोड का फायदा उठा सकते हैं।
निवेश: ऐप पर निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं जिसमें से व्यक्तिगत रिस्क लेने की क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों के आधार पर अपने लिए बेहतर प्लान चुन सकते हैं।
इंश्योरेंस: ऐप में इंश्योरेंस से जुड़ी कई सर्विसेज उपलब्ध हैं जिसमें से यूजर्स अपने हिसाब से चुन सकते हैं।
फीडबैक के आधार पर तैयार किया गया है ऐप
बैंक के सीईओ और एमडी प्रशांत कुमार का कहना है कि बैंकिंग सर्विसेज लेने के तरीके को बदलने की दिशा में यस बैंक का आईरिस अगला बड़ा कदम है। प्रशांत के मुताबिक इस ऐप की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इसे ग्राहकों के फीडबैक के आधार पर तैयार किया गया है। इस प्रकार फीचर्स, यूजर एक्सपीरिएंस और बेनेफिट्स के हिसाब से यह खास होने वाला है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है यानी कि एंड्रॉयड और आईओएस, दोनों के यूजर्स के लिए यह उपलब्ध है।