सोमवार, 6 अप्रैल को प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है। इसकी वजह है कि जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में बैंक के कारोबार में अच्छी तेजी दर्ज की गई है। एडवांसेज सालाना आधार पर 11% और डिपॉजिट्स 12% बढ़े हैं। गुरुवार को शेयर की कीमत BSE पर ₹17.85 रही। शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण शेयर बाजार बंद था। Yes Bank ने शेयर बाजारों को बताया है कि 31 मार्च 2026 तक उसके नेट लोन और एडवांसेज ₹2,72,454 करोड़ रहे। यह आंकड़ा तिमाही आधार पर 5.8% और सालाना आधार पर 10.7% ज्यादा है।
मार्च तिमाही के दौरान Yes Bank के डिपॉजिट्स ज्यादा तेजी से बढ़े। तिमाही आधार पर ये 9% और साल-दर-साल आधार पर 12.1% बढ़कर ₹3,18,970 करोड़ हो गए। बैंक ने कम लागत वाले डिपॉजिट्स में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की। CASA (करेंट अकाउंट सेविंग्स अकाउंट) बैलेंस पिछली तिमाही के मुकाबले 12.5% और साल-दर-साल आधार पर 14.9% बढ़कर ₹1,11,960 करोड़ हो गया। इसके कारण सर्टिफिकेट्स ऑफ डिपॉजिट्स को मिलाकर CASA रेशियो 35.1% तक बेहतर हो गया। यह एक तिमाही पहले 34% और मार्च 2024 तिमाही में 34.3% था।
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, मार्च 2026 तिमाही में Yes Bank का क्रेडिट-टू-डिपॉजिट रेशियो घटकर 85.4% पर आ गया। दिसंबर 2025 के आखिर में यह 88% और एक साल पहले 86.5% था। लिक्विडिटी कवरेज रेशियो भी कम होकर कंसोलिडेटेड बेसिस पर 119% पर रहा। एक तिमाही पहले यह 123.8% और एक साल पहले 125% था।
Yes Bank का शेयर 3 महीनों में 20% कमजोर
इस साल अब तक यस बैंक के शेयर में लगभग 17% की गिरावट आई है। 3 महीनों में यह करीब 20% टूटा है और एक महीने में 11% से ज्यादा की गिरावट देख चुका है। बैंक का मार्केट कैप ₹56000 करोड़ से ज्यादा है।यस बैंक का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55.4 प्रतिशत बढ़ गया। आंकड़ा 951.62 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले मुनाफा 612.27 करोड़ रुपये था। कुल स्टैंडअलोन इनकम 1.7 प्रतिशत की कमी के साथ 9175.84 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 9341.15 करोड़ रुपये थी।
दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक की कुल ब्याज आय 7543.22 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले के आंकड़े 7829.14 करोड़ रुपये से 3.6 प्रतिशत कम है। शुद्ध ब्याज आय 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2466 करोड़ रुपये हो गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 2224 करोड़ रुपये थी।
दिसंबर 2025 तिमाही में यस बैंक की एसेट क्वालिटी और बेहतर हो गई। बैंक का ग्रॉस NPA रेशियो घटकर 1.5 प्रतिशत पर आ गया। एक साल पहले यह 1.6 प्रतिशत था। इसी तरह नेट NPA रेशियो भी कम होकर 0.3 प्रतिशत रह गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 0.5 प्रतिशत था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।