Yes Bank Shares: यस बैंक के तिमाही नतीजे शानदार, 7% तक चढ़ा शेयर, क्या अब खरीदारी का है सही समय?

Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयर सोमवार 21 अप्रैल को कारोबार शुरू होते ही 7 फीसदी तक उछल गए। यह उछाल बैंक के मार्च तिमाही के शानदार नतीजों के बाद आया है, जिसे बैंक ने शनिवार 19 अप्रैल को जारी किया था। यस बैंक ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शु्द्ध मुनाफा 63.3 फीसदी बढ़कर 738.1 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह मुनाफा 451.9 करोड़ रुपये रहा था

अपडेटेड Apr 21, 2025 पर 11:18 AM
Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयर को लेकर अभी भी अधिकतर एनालिस्ट्स सतर्क बने हुए हैं

Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयर सोमवार 21 अप्रैल को कारोबार शुरू होते ही 7 फीसदी तक उछल गए। यह उछाल बैंक के मार्च तिमाही के शानदार नतीजों के बाद आया है, जिसे बैंक ने शनिवार 19 अप्रैल को जारी किया था। यस बैंक ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शु्द्ध मुनाफा 63.3 फीसदी बढ़कर 738.1 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह मुनाफा 451.9 करोड़ रुपये रहा था। बैंक का मुनाफा एनालिस्ट्स के अनुमानों से भी अधिक रहा। एनालिस्ट्स ने एक पोल में मार्च तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा 598.2 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था।

यस बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 5.7% बढ़कर 2,276.3 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले साल इसी तिमाही में इसका मुनाफा 2,153 करोड़ रुपये रहा था। इसका नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 2.5% रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2.4% थी।

एसेट क्वालिटी भी हुई बेहतर

यस बैंक का एसेट क्वालिटी भी मार्च तिमाही में बेहतर हुई है। इसका ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (Gross NPA) मार्च तिमाही में 1.6% पर स्थिर रहा। वहीं नेट NPA घटकर 0.3% हो गया, जो पिछली तिमाही में 0.5% था। यस बैंक का प्रोविजनिंग मार्च तिमाही में 318.1 करोड़ रुपये, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 32.5% कम है।


ऑपरेटिंग मोर्चे पर कैसा रहा प्रदर्शन?

यस बैंक का मार्च तिमाही में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 1,314 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 45.6% और तिमाही आधार पर 21.8% अधिक है। पूरे वित्त वर्ष 2025 में यस बैंक का कुल ऑपरेटिंग प्रॉफिट 4,254 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 25.6% अधिक है। वहीं बैंक का नेट एडवांस बढ़कर 2,46,188 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 8.1% अधिक है।

एनालिस्ट्स की क्या है राय?

हालांकि यस बैंक के शानदार तिमाही नतीजों के बावजूद अभी भी अधिकतर एनालिस्ट्स की राय इसे लेकर सतर्क हैं। यस बैंक के शेयर को कवर करने वाले 12 में 10 एनालिस्ट्स ने इस शेयर को बेचने यानी 'sell' करने की सलाह दी है। वहीं बाकी 2 एनालिस्ट्स ने इस शेयर को होल्ड करने की सलाह दी है। यानी इनमें से किसी भी एनालिस्ट्स ने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी नहीं है। सभी एनालिस्ट्स ने शेयर का टारगेट प्राइस 15 रुपये से लेकर 17 रुपये के बीच रखा है।

सुबह 11 बजे के करीब, यस बैंक के शेयर एनएसई पर 4.81 फीसदी की तेजी के साथ 18.96 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अब तक यस बैंक के शेयरों में करीब 3.5 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं इसका पिछले एक साल का 52-वीक हाई 28.55 रुपये है और इस समय यह इस स्तर से करीब 34 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।

यह भी पढ़ें-  FIIs: विदेशी निवेशक चुपचाप खरीदे रहे PSUs और स्मॉलकैप शेयर, लार्जकैप से बनाई दूरी

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।