Yes Bank FY25Q1 Result: निजी सेक्टर का बैंक Yes Bank चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून 2024 के नतीजों का करीब दो हफ्ते बाद 20 जुलाई को ऐलान करेगा। उस दिन बैंक के बोर्ड की बैठक है। बैंक ने 3 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में इसका खुलासा किया। बैंक ने यह ऐलान ऐसे समय में किया, जब जून तिमाही के कारोबारी अपडेट के चलते इसके शेयर ऊपर चढ़ रहे हैं। सालाना आधार पर इसमें अच्छी ग्रोथ दिखी है लेकिन तिमाही आधार पर यह लगभग फ्लैट बना रहा। हालांकि ब्रोकरेज का रुझान इसे लेकर निगेटिव बना हुआ है और नोमुरा का मानना है कि मौजूदा लेवल से यह करीब 29 फीसदी फिसल सकता है।
Yes Bank के लिए कैसी रही जून तिमाही?
यस बैंक ने कुछ दिनों पहले जून तिमाही का कारोबारी अपडेट जारी किया था। इसके मुताबिक जून तिमाही में इसका लोन और एडवांसेज सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़ गया। इसका लोनबुक 2 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.29 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया तो डिपॉजिट भी सालाना आधार पर 21 फीसदी उछलकर 2.64 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसएमई में ग्रोथ की रफ्तार जारी रहने और मिड कॉरपोरेट सेगमेंट में लोन की मांग तेज रहने से बैंक के कारोबार को सहारा मिला।
Yes Bank Target Price: ब्रोकरेज का क्या है रुझान?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने यस बैंक को लेकर सतर्क नजरिया अपनाया है जिससे इसके शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव दिख रहा है। एक कारोबारी दिन पहले की बात करें तो गुरुवार को यह 23.98 रुपये के भाव पर खुला था और 24.41 रुपये के इंट्रा-डे हाई और 23.79 रुपये के इंट्रा-डे लो से होते हुए दिन के आखिरी में 0.13 फीसदी की बढ़त के साथ 23.96 रुपये पर बंद हुआ।
वहीं नोमुरा की बात करें तो यस बैंक पर इसने न्यूट्रल रेटिंग कायम रखी है और टारगेट प्राइस 17 रुपये रखा है। नोमुरा का कहना है कि जून तिमाही के अपडेट से सुस्त लोन ग्रोथ और तिमाही आधार पर डिपॉजिट में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। ब्रोकरेज का कहना है कि इसका रिटर्न प्रोफाइल सुधर तो रहा है लेकिन अब भी पियर्स के मुताबिक यह नीचे बना हुआ है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025 में इसका RoA (रिटर्न ऑन एसेट्स) 0.5 फीसदी और वित्त वर्ष 2026 में 0.8 फीसदी रह सकता है जबकि रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) वित्त वर्ष 2025 में 4.5 फीसदी और वित्त वर्ष 2026 में 7.5 फीसदी पर रह सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।