Zomato Share Price: फूड डिलीवरी कंपनी Zomato के शेयर पिछले दो दिनों में 21% तक टूट चुके हैं। शेयरों की जबरदस्त बिकवाली के बीच Zomato ने अपने कर्मचारियों को 1-1 रुपए में 4.66 करोड़ शेयर बांटने का फैसला किया है। कंपनी ये शेयर ESOP (एंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान) के तहत दे रही है।
26 जुलाई को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि इसके बोर्ड के नॉमिनेशन एंड रेमुनरेशन कमिटी ने 4,65,51 ,600 इक्विटी शेयरों को स्टॉक ऑप्शन के तहत कर्मचारियों को देने के फैसले को पास कर दिया है।
Zomato के मौजूदा शेयर प्राइस के हिसाब से देखें तो 4.66 करोड़ शेयरों की वैल्यू अभी 193 करोड़ रुपए होगी। Zomato के शेयरों आज तेजी दिखी। यह खबर लिखे जाने तक Zomato के शेयर 4.92% ऊपर 43.70 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे।
Zomato के शेयरों का लॉकइन पीरियड खत्म
Zomato के 613 करोड़ शेयर (78% शेयर) का एक साल का लॉकइन पीरियड 23 जुलाई को खत्म हो गया। मार्केट एक्सपर्ट्स ने पहले ही इस बात की आशंका जताई थी कि लॉकइन पीरियड खत्म होने के बाद Zomato के शेयरों में जबरदस्त बिकवाली हो सकती है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि IPO से पहले जिन निवेशकों ने कंपनी के शेयर खरीदे थे वो अपनी होल्डिंग बेच रहे हैं। इस बिकवाली की एक बड़ी वजह ये है कि Zomato का मार्केट कैप इसके आखिरी प्राइवेट मार्केट वैल्यूएशन 5.5 अरब डॉलर से भी नीचे आ गया है।
मनीकंट्रोल ने पहले ही यह खबर दी थी कि Zomato के CEO और को-फाउंडर दीपिंदर गोयल को जो ESOP दिया गया है उसकी कॉस्ट 387 करोड़ रुपए है। अगर कंपनी के तीन अहम पदों के अधिकारियों के ESOP जोड़ लें तो फिस्कल ईयर 2022 में इसकी लागत 779 करोड़ रुपए थी।
Zomato की फिस्कल ईयर 2022 की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी रकम में CEO के ESOP पर 753 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। कंपनी के दूसरे अहम अधिकारियों में CFP अक्षत गोयल और कंपनी सेक्रेटरी संध्या सेतिया हैं।
इस साल मई में Zomato के CEO दीपिंदर गोयल ने एक इंटरनल नोट जारी करके कर्मचारियों को बताया था कि फिस्कल ईयर 2022 की अपनी ESOP इनकम में से उन्होंने 700 करोड़ रुपए Zomato Future Foundation को देंगे। इस फंड का इस्तेमाल डिलीवरी पार्टनर्स के बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा।
कई एक्सपर्ट्स पिछले साल लिस्ट हुए Zomato, पेटीएम और पॉलिसीबाजार की ESOP पॉलिसी की आलोचना करते हैं। दरअसल ये कंपनियां घाटे में चलने के बावजूद अपने टॉप एग्जीक्यूटिव्स को ESOP बांटती हैं।