टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) पापा बन गए हैं। उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने कुछ देर पहले ही बेटी को जन्म दिया है। खुद कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट कर फैंस को इसकी जानकारी दी है। विराट कोहली ने ट्विटर पर खुशी जाहिर करते हुए बेहद भावुक लफ्जों में लोगों की शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया अदा किया है। बता दें कि विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही भारत वापस लौट गए थे। इससे पहले कोहली वनडे टी-20 और पहले टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा थे।
विराट कोहली ने इस बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट कर लिखा, हमें आपको बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं और अनुष्का आज दोपहर एक बेटी के माता-पिता बन गए। हम आपके प्यार, शुभकामना और दुआ के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा कि अनुष्का और बेटी दोनों स्वस्थ हैं और हम अपनी जिंदगी के इस नए अध्याय की शुरुआत से बेहद खुश हैं। हमें उम्मीद है कि आप हमारी निजता का सम्मान करेंगे।
इस खबर के आने के बाद से विराट और अनुष्का के फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। हाल ही में विराट और अनुष्का रेगुलर चेकउप के लिए जाते स्पॉट किए गए थे। बेटी के जन्म के बाद विराट और अनुष्का को सोशल मीडिया पर बधाईयां मिलने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। विराट कोहली ने पिछले साल अगस्त महीने में अनुष्का के साथ एक तस्वीर ट्वीट कर बताया था कि वो जनवरी में माता-पिता बनने वाले हैं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
