केवल IEX ही नहीं 5 साल में ये 7 शेयर भी इंट्राडे में देख चुके हैं 32% तक की गिरावट

IEX Share Crash: ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटेरी कमीशन ने जनवरी 2026 से मार्केट कपलिंग के नियम को डे-अहेड मार्केट में लागू होने की मंजूरी दे दी है। इससे सभी पावर एक्सचेंजों पर ट्रेड हो रही बिजली की एक समय में एक ही कीमत होगी, जिससे IEX का दबदबा घट सकता है

अपडेटेड Jul 24, 2025 पर 18:20
Story continues below Advertisement
24 जुलाई इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (IEX) के शेयरहोल्डर्स के लिए बेहद ही खराब दिन साबित हुआ। शेयर में BSE पर 29 प्रतिशत की हाहाकारी गिरावट आई और यह 132.45 रुपये पर बंद हुआ। यह एक दिन में शेयर की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट रही। इसकी वजह ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटेरी कमीशन ने जनवरी 2026 से मार्केट कपलिंग के नियम को डे-अहेड मार्केट में लागू होने की मंजूरी दे दी है।

मार्केट कंपलिंग में सभी पावर एक्सचेंजों पर बिजली की खरीद और बिक्री के लिए आने वाली बोलियों को एक जगह इकठ्ठा करके मिलाया जाता है। फिर उसके आधार पर एक समान मार्केट क्लियरिंग प्राइस तय किया जाता है। इससे सभी पावर एक्सचेंजों पर ट्रेड हो रही बिजली की एक समय में एक ही कीमत होगी।

मार्केट कपलिंग के लागू होने से प्राइस डिस्कवरी के लिए बेस्ट प्लेटफॉर्म होने का फायदा IEX गंवा देगी। यह फिलहाल देश का सबसे बड़ा पावर एक्सचेंज है। ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन को डर है कि शेयर की गिरावट अभी थमने वाली नहीं है। बर्नस्टीन ने IEX के शेयर पर 'मार्केट-परफॉर्म' रेटिंग को बरकरार रखा है, लेकिन टारगेट प्राइस को ₹160 से कम करके घटाकर ₹122 कर दिया है।

IEX अकेला ऐसा शेयर नहीं है, जिसने एक दिन में इतनी बड़ी गिरावट झेली है। पिछले 5 साल में इंट्राडे में ऐसी ही सबसे बड़ी गिरावट देखने वाले शेयरों की लिस्ट में पेटीएम, जी एंटरटेनमेंट, अदाणी एंटरप्राइजेज जैसे नाम शामिल हैं।

Zee Entertainment| 23 जनवरी 2024 को इस शेयर ने 32 प्रतिशत की मार झेली थी। यह वह दिन था जब सोनी के साथ Zee की 10 अरब डॉलर के मेगा मर्जर वाली डील कैंसिल हुई थी।

Adani Enterprises | इस शेयर में गिरावट की वजह बनी थी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट। शेयर 1 फरवरी 2023 को 28 प्रतिशत नीचे आया था। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी एंटरप्राइजेज ने 20000 करोड़ रुपये फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर कैंसिल कर दिया था। हिंडनबर्ग रिसर्च ने 24 जनवरी, 2023 को एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। इसमें अदाणी ग्रुप पर बड़े पैमाने पर कॉरपोरेट कदाचार और शेयर-कीमत में हेरफेर का आरोप लगाया गया था। रिपोर्ट के आने के बाद अदाणी एंटरप्राइजेज समेत अदाणी ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों में तगड़ी गिरावट आई।

Paytm | शेयर ने अपनी लिस्टिंग के दिन ही सबसे बड़ी गिरावट देख ली। 18 नवंबर, 2021 को यह 27% गिर गया था। यह शेयर अपने IPO प्राइस से कम पर लिस्ट हुआ था। इसका IPO महज 1.89 गुना भरा था।

IndusInd Bank | 11 मार्च 2025 को इंडसइंड बैंक के शेयर 27 प्रतिशत गिरे थे। यह गिरावट बैंक के डेरिवेटिव पोर्टफोलियो में गड़बड़ियों के खुलासे के बाद आई थी।

Cyient | यह शेयर 24 जनवरी 2025 को 23 प्रतिशत ​लुढ़का था। तगड़ी गिरावट की वजह थी कंपनी का अपने रेवेन्यू ग्रोथ और मार्जिन गाइडेंस को घटाना।

REC & PFC | 4 जून 2024 को देश में लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे घोषित हुए थे। उसी दिन REC के शेयर में 25 प्रतिशत और PFC के शेयर में 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। उस दिन ज्यादातर सरकारी कंपनियों के शेयर 10 से 20 प्रतिशत तक गिरे थे।

Story continues below Advertisement