Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 27 फरवरी को भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 960 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 317 अंकों का गोता लगाकर 25,200 के भी नीचे चला गया। कमजोर शुरुआत के बाद बाजार पूरे दिन दबाव में रहा। ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत, भू-राजनीतिक चिंताएं और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है।
कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,287.19 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 के स्तर पर बंद हुआ। इस पूरे हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट रही।
शेयर बाजार में चौतरफा गिरावट रही। आईटी और मीडिया को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। ऑटो, बैंक, FMCG, मेटल, रियल्टी, टेलीकॉम में 1-2% की गिरावट आई। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 फीसदी तक लुढ़क गए।
निवेशकों के ₹4.98 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 463.51 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 468.49 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.98 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.98 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 5 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयरों में 1.222 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद ट्रेंट (Trent), इंफोसिस (Infosys), इटरनल (Eternal) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयर 0.01 फीसदी से लेकर 1.10 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी सन फार्मा (Sun Pharma) का शेयर 2.61 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, भारती एयरटेल (Bharti Airtel), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) और इंडिगो (Indigo) के शेयरों में 2.32 फीसदी से लेकर 2.53 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,369 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,369 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,666 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,521 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 182 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 100 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 340 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।