Gainers & Losers: आज लगातार छठे कारोबारी दिन घरेलू स्टॉक मार्केट में रौनक रही। निफ्टी 50 के इंडेक्स इडेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की वीकली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स (Sensex) 142.87 प्वाइंट्स यानी 0.17% की बढ़त के साथ 82,000.71 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 33.20 प्वाइंट्स यानी 0.13% के उछाल के साथ 25,083.75 पर बंद हुआ है। अब इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ शेयरों में अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते आज तेज उठा-पटक रही। उनमें से कुछ के बारे में यहां बताया जा रहा है तेज हलचल की वजह के साथ। (सभी भाव बीएसई से लिए गए हैं।)
HDB Financial । मौजूदा भाव: ₹796.55 (+1.07%)
मोतीलाल ओसवाल ने कवरेज शुरू की तो एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर आज इंट्रा-डे में 2.91% उछलकर ₹811.00 पर पहुंच गए। ब्रोकरेज फर्म ने न्यूट्रल रेटिंग के साथ इसका टारगेट प्राइस ₹860 फिक्स किया है। हालांकि बुल केस में टारगेट प्राइस ₹995 है।
Bajaj Finserv । मौजूदा भाव: ₹1979.45 (+1.12%)
जेफरीज ने बजाज फिनसर्व की खरीदारी की रेटिंग के साथ कवरेज शुरू की तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 2.11% उछलकर ₹1998.75 तक पहुंच गए। जेफरीज ने इसका टारगेट प्राइस ₹2420 फिक्स किया है।
Prince Pipes and Fittings । मौजूदा भाव: ₹345.70 (+5.35%)
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि पीवीसी पाइप सेक्टर में बूम आने वाला है। ऐसे में ब्रोकरेज फर्म ने ₹440 के टारगेट प्राइस पर प्रिंस पाइप्स को खरीदारी की रेटिंग दी तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 8.81% की बढ़त के साथ ₹357.05 पर पहुंच गए।
MTNL । मौजूदा भाव: ₹45.90 (+4.08%)
बॉन्ड पेमेंट को लेकर महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL) ने फंडिंग का इंतजाम कर लिया तो इस खुलासे पर इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 6.24% उछलकर ₹46.85 पर पहुंच गए।
TVS Motor Company । मौजूदा भाव: ₹3272.60 (+1.30%)
टीवीएस मोटर कंपनी ने टीवीएस किंग कार्गो एचडी ईवी लॉन्च किया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 2.36% उछलकर ₹3306.75 पर पहुंच गए। कंपनी ने इसे शहरी लॉजिस्टिक्स मार्केट को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया है।
Ola Electric । मौजूदा भाव: ₹48.83 (-8.42%)
वाहन पोर्टल के मुताबिक 20 अगस्त तक ओला इलेक्ट्रिक की 9,522 गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। वहीं इसकी राइवल कंपनी एथर एनर्जी के 10,248 रजिस्ट्रेशन हुए। इन आंकड़ों पर ओला इलेक्ट्रिक के शेयर आज इंट्रा-डे में 8.95% टूटकर ₹48.55 पर आ गए।
Angel One । मौजूदा भाव: ₹2547.90 (-6.36%)
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांता पांडेय ने कहा कि इक्विटी डेरिवेटिव की अवधि को बढ़ाना जरूरी है तो एंजेल वन के शेयर धड़ाम हो गए और आज इंट्रा-डे में यह 7.01% टूटकर ₹2530.15 पर आ गया।
Nazara Tech । मौजूदा भाव: ₹1205.60 (-1.31%)
लोकसभा में “प्रमोशन एंड रेग्युलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल, 2025” पास होने के चलते देश की इकलौती लिस्टेड ऑनलाइन गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज के शेयर आज इंट्रा-डे में 11.19% टूटकर ₹1085.00 पर आ गए थे। इसमे रियल टाइम ऑनलाइन मनी गेम पर रोक लगाने का प्रावधान है। एक कारोबारी दिन पहले भी इसी के चलते नजारा टेक के शेयर इंट्रा-डे में करीब 16% टूट गए थे और दिन के आखिरी में भी यह करीब 13% की कमजोरी के साथ बंद हुआ था।
Tata Communications । मौजूदा भाव: ₹1590.50 (-3.32%)
एनएसई पर ₹176.38 करोड़ में ₹1,589.50 के भाव पर 11 लाख से अधिक शेयरों की ब्लॉक डील पर टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर आज इंट्रा-डे में 3.92% टूटकर ₹1580.60 पर आ गए।
Story continues below Advertisement
IFGL Refractories । मौजूदा भाव: ₹259.90 (-3.02%)
आईएफजीएल रिफ्रैक्टरीज को पॉल्यूशन अथॉरिटी से एक कारण बताओ नोटिस मिला है, जिसमें इसे चलाने की जो मंजूरी मिली है, उसे रद्द होने की आशंका जताई गई है। इसके चलते कंपनी के शेयर आज इंट्रा-डे में 4.81% टूटकर ₹255.10 पर आ गए।