Gainers & Losers: कच्चे तेल की नरमी ने आज मार्केट में शानदार रौनक बिखेरी। निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स (Sensex) 639.82 प्वाइंट्स यानी 0.82% के उछाल के साथ 78,205.98 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 233.55 प्वाइंट्स यानी 0.97% के उछाल के साथ 24,261.60 पर बंद हुआ है। अब इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ शेयरों में अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते आज तेज उठा-पटक रही। उनमें से कुछ के बारे में यहां बताया जा रहा है तेज हलचल की वजह के साथ। (सभी भाव बीएसई से लिए गए हैं।)
Dixon Tech । मौजूदा भाव: ₹10918.25 (+11.35%)
डिक्सन को चीन की एचकेसी ओवरसीज के साथ ज्वाइंट वेंचर बनाने के लिए सरकार की मंजूरी मिली तो इसके शेयर चहक उठे और आज इंट्रा-डे में 12.82% उछलकर ₹11062.10 पर पहुंच गए।
Escorts Kubota । मौजूदा भाव: ₹3330.10 (+4.18%)
ब्रोकरेज फर्म एस्कॉर्ट्स कुबोटा की रेटिंग अपग्रेड कर सेल से ऐड की तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 5.47% चढ़कर ₹3371.30 पर पहुंच गए। ब्रोकरेज फर्म ने इसका टारगेट प्राइस ₹3375 फिक्स किया है।
Cyient । मौजूदा भाव: ₹907.95 (+5.68%)
एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट फर्म प्रॉस्पेक्टा (Prospecta) के साथ रणनीतिक साझेदारी के ऐलान पर साइएंट के शेयर आज इंट्रा-डे में 6.30% चढ़कर ₹913.25 पर पहुंच गए। यह साझेदारी माइनिंग, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन जैसी एसेट-इंटेंसिव इंडस्ट्रीज के लिए यूनिफाइड मास्टर डेटा मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म डेवलप करने को लेकर हुई है।
Chambal Fertilisers । मौजूदा भाव: ₹431.50 (+4.62%)
सरकार ने नेचुरल गैस रेगुलेशन ऑर्डर, 2026 जारी किया तो खाद कंपनियों के शेयर चहक उठे और चंबल फर्टिलाइजर्स के शेयर तो इंट्रा-डे में 7.16% उछलकर ₹442.00 तक चढ़ गए। सरकार ने खाद प्लांट्स के लिए नेचुरल गैस की सप्लाई को छह महीने के औसत के 70% का कैप लगा दिया है।
Happiest Minds । मौजूदा भाव: ₹400.85 (+17.85%)
वित्त वर्ष 2027 के लिए 10% रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान को हैप्पिएस्ट माइंड को बढ़ाकर 12.5% कर दिया तो इसके शेयर चहक उठे और आज इंट्रा-डे में 19.77% उछलकर ₹407.40 तक पहुंच गए।
Paradeep Parivahan । मौजूदा भाव: ₹158.00 (+5.61%)
पारादीप परिवहन को बीएसई ने प्रति शेयर ₹156.46 के भाव पर 10.40 लाख कंवर्टिबल वारंट्स के प्रिफरेंशियल इश्यू को इन-प्रिंसिपल अप्रूवल दिया तो इसके भाव आज इंट्रा-डे में 8.96% उछलकर ₹163.00 पर पहुंच गए।
Polycab । मौजूदा भाव: ₹7723.10 (-6.15%)
कॉपर की कीमतों में तेज उठा-पटक ने आज रौनक वाले मार्केट में भी पॉलीकैब के शेयरों को तोड़ दिया और इंट्रा-डे में यह 6.60% टूटकर ₹7686.00 तक आ गया। पॉलीकैब के लिए यह 11 महीने में इंट्रा-डे की सबसे बड़ी गिरावट रही।
Oil India । मौजूदा भाव: ₹471.20 (-0.53%)
एक दिन पहले प्रति बैरल $120 के करीब पहुंचने के बाद आज कच्चा $95 के भी नीचे आ गया तो तेल निकालने वाली कंपनियों के शेयर टूट गए और ऑयल इंडिया तो इंट्रा-डे में 2.70% टूटकर ₹460.90 तक आ गया।
Sadhana Nitro Chem । मौजूदा भाव: ₹1.48 (-4.52%)
साधना नाइट्रोकेम के 8:1 के रेश्यो में राइट्स इश्यू के लिए अप्लाई करने का आज आखिरी दिन था तो इसके शेयरों का मार्केट में कोई खरीदार नहीं दिखा और 4.52% टूटकर ₹1.48 के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ।
Story continues below Advertisement
Landmark Global । मौजूदा भाव: ₹22.95 (-6.06%)
शेयर प्राइस और वॉल्यूम में मूवमेंट को लेकर बीएसई ने सवाल पूछा तो लैंडमार्क ग्लोबल के शेयर आज इंट्रा-डे में 8.92% टूटकर ₹22.25 तक आ गए। कंपनी की यह सफाई भी शेयरों की गिरावट थाम नहीं पाई कि फिलहाल किसी खास जानकारी का खुलासा करना बाकी नहीं है।