Gainers & Losers: लगातार छह कारोबारी दिनों की तेजी के बाद आज घरेलू स्टॉक मार्केट में मुनाफावसूली का दबाव दिखा। इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज सेंसेक्स (Sensex) 693.86 प्वाइंट्स यानी 0.85% की गिरावट के साथ 81,306.85 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 213.65 प्वाइंट्स यानी 0.85% की फिसलन के साथ 24,870.10 पर बंद हुआ है। अब इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ शेयरों में अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते आज तेज उठा-पटक रही। उनमें से कुछ के बारे में यहां बताया जा रहा है तेज हलचल की वजह के साथ। (सभी भाव बीएसई से लिए गए हैं।)
R Systems International । मौजूदा भाव: ₹447.80 (+5.65%)
डिजिटल प्रोडक्ट इंजीनियरिंग कंपनी आर सिस्टम्स इंटरनेशनल ने नोविगो सॉल्यूशंस के अधिग्रहण के लिए एक डेफिनिटिव एग्रीमेंट किया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 17.25% उछलकर ₹496.95 पर पहुंच गए। एग्रीमेंट के मुताबिक आर सिस्टम्स एकमुश्त ₹400 करोड़ नकद में देगी और आने वाले समय के ऑपरेटिंग प्रॉफिट के हिसाब से अतिरिक्त स्टॉक्स भी यह देगी।
Foseco India । मौजूदा भाव: ₹6500.70 (+15.61%)
मॉर्गेनाइट क्रूसिबल की 75% हिस्सेदारी (42 लाख शेयर) खरीदने के लिए फोसेको इंडिया ने शेयर पर्चेज एग्रीमेंट किया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 18.89% उछलकर एक साल के हाई ₹6684.35 पर पहुंच गए। यह खरीदारी प्रति शेयर ₹1,557 के भाव पर ₹653.94 करोड़ में होगी।
Choice International । मौजूदा भाव: ₹803.20 (+2.08%)
₹140 करोड़ के ऑर्डर पर च्वाइस इंटरनेशनल के शेयर आज इंट्रा-डे में 2.82% उछलकर ₹809.00 पर पहुंच गए।
Lokesh Machines । मौजूदा भाव: ₹223.50 (+9.99%)
लोकेश मशीन्स को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशंस के लिए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस (DGQA) से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मिला तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 10% उछलकर ₹223.50 के अपर सर्किट पर पहुंच गए और इसी पर बंद भी हुए। अब कंपनी हथियारों के लिए डिफेंस आइटम बनाएगी। लाइसेंस की वैलिडिटी 19 अप्रैल 2030 तक है।
Voda Idea । मौजूदा भाव: ₹7.03 (+7.16%)
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएमओ वोडाफोन आइडिया के लिए प्रस्तावित राहत पैकेज पर जल्द फैसला करेगा। इसने कंपनी के शेयरों में जोश भर दिया और आज इंट्रा-डे में यह 11.13% उछलकर ₹7.29 पर पहुंच गया।
Nazara Tech । मौजूदा भाव: ₹1155.75 (-4.13%)
नजारा टेक ने सहयोगी कंपनी मूनशाइन टेक्नोलॉजीज (पोकरबाजी) के रियल मनी ऑनलाइन गेमिंग ऑपरेशंस के बंद होने का ऐलान किया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 4.98% टूटकर ₹1145.55 पर आ गए। पोकरबाजी में नजारा टेक की हिस्सेदारी 46.07% है।
ICICI Lombard । मौजूदा भाव: ₹1915.00 (-2.57%)
बीमा नियामक संस्था इरडा हेल्थ इंश्योरेंस के प्रीमियम की लिमिट तय करने पर विचार कर रही है। इस रिपोर्ट पर आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के शेयर आज इंट्रा-डे में 2.92% टूटकर ₹1908.05 पर आ गए।
Bharat Forge ।मौजूदा भाव: ₹1123.15 (-2.64%)
एनएसई पर ₹1,142.80 के भाव पर ₹57.44 करोड़ में 5 लाख से अधिक शेयरों की ब्लॉक डील ने भारत फोर्ज के शेयरों को तोड़ दिया और आज इंट्रा-डे में यह 2.87% टूटकर ₹1120.45 पर आ गया।
DEE Development Engineers । मौजूदा भाव: ₹275.30 (-0.97%)
पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन ने डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स के 8 मेगावाट के अबोहर बॉयोमास प्लांट का टैरिफ घटाया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 2.23% फिसलकर ₹271.80 पर आ गए। टैरिफ में कटौती से कंपनी का सालाना रेवेन्यू ₹8.2 करोड़ गिरने का अनुमान है। हालांकि कंपनी को टैरिफ एडजस्टमेंट से ₹13.02 करोड़ की रेट्रोस्पेक्टिव रिकवरी की उम्मीद है।
Story continues below Advertisement
Edelweiss । मौजूदा भाव: ₹93.70 (-3.20%)
एडलवाइज ने वेस्टब्रिज कैपिटल की सहयोगी कंपनियों को EAML और ETCL में 15% तक हिस्सेदारी ₹450 करोड़ में बेचने की योजना का ऐलान किया तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 3.41% फिसलकर ₹93.50 पर आ गए।