Lenskart के ₹54150 करोड़ के शेयर 8 मई को होंगे फ्री, IPO प्राइस से 28% ऊपर है भाव

Lenskart Share Price: लेंसकार्ट सॉल्यूशंस BSE और NSE पर 10 नवंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO ₹7278.02 करोड़ का था। कंपनी का मार्केट कैप ₹89700 करोड़ से ज्यादा है। कंपनी 20 मई को मार्च 2026 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करेगी

अपडेटेड May 04, 2026 पर 16:27
Story continues below Advertisement
आईवियर रिटेलर लेंसकार्ट सॉल्यूशंस का 6 महीने का शेयरहोल्डर लॉक-इन 8 मई को खत्म हो रहा है। इसके बाद 104.74 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे।

30 अप्रैल की क्लोजिंग के आधार पर इन शेयरों की वैल्यू ₹54,150 करोड़ है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के अनुसार, ये शेयर कंपनी की आउटस्टैंडिंग इक्विटी के 60% के बराबर हैं।

लॉक-इन पीरियड खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि फ्री होने वाले सभी शेयर खुले बाजार में बेच ही दिए जाएंगे। वे केवल ट्रेडिंग के लिए पात्र हो जाते हैं।

Lenskart पीयूष बंसल की कंपनी है। यह BSE और NSE पर 10 नवंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO ₹7278.02 करोड़ का था।

कंपनी का शेयर 4 मई को BSE पर ₹516.90 पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप ₹89700 करोड़ से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू ₹2 है।

शेयर अपने IPO प्राइस ₹402 से 28.6% बढ़त पर है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 17.55% हिस्सेदारी थी।

ब्रोकरेज फर्म HSBC ने मार्च में इस स्टॉक पर कवरेज शुरू किया था। रेटिंग 'होल्ड' रखी थी और ₹513 का टारगेट प्राइस दिया था।

HSBC का अनुमान है कि FY25-FY28 के दौरान रेवेन्यू 23% और EBITDA 49% की CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ेगा। घरेलू व अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह के ऑपरेशंस में मार्जिन में सुधार होगा।

ब्लूमबर्ग के डेटा के अनुसार, लेंसकार्ट के शेयर को 16 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 12 ने 'बाय' रेटिंग, 3 ने 'होल्ड' और एक ने 'सेल' रेटिंग दी है।

शेयर साल 2026 में अब तक 18 प्रतिशत चढ़ा है। लेंसकार्ट 20 मई को जनवरी-मार्च 2026 तिमाही और वित्त वर्ष 2026 के वित्तीय नतीजे जारी करेगी। (Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।)

Story continues below Advertisement