Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 26 सितंबर को भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 733 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी गिरकर 24,650 के पास बंद हुआ। यह लगतार छठवां दिन है, जब सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ बंद हुए। यह शेयर बाजार की पिछले 7 महीनों की सबसे लंबी गिरावट है। इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह रही ट्रंप के नए टैरिफ ऐलान। ट्रंप ने ब्रांडेड और पेटेंट दवाओं पर 1 अक्टूबर से 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसके अलावा अमेरिकी टेक कंपनी एक्सचेंजर के कमजोर नतीजों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी निवेशकों के सेंटीमेंट को कमजोर किया।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 733.22 अंक या 0.90 फीसदी टूटकर 80,426.46 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 236.15 अंक या 0.95 फीसदी गिरकर 24,654.70 के स्तर पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में तो इससे भी अधिक गिरावट देखने को मिली। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 2 फीसदी तक टूट गए। इसके चलते निवेशकों को आज करीब साढ़े 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
निफ्टी के सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट आईटी, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियों के शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2.5 फीसदी टूटकर बंद हुआ। पिछले 6 दिनों से इस इंडेक्स में लगातार गिरावट जारी है। निफ्टी फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी 2 फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली।
निवेशकों के ₹6.65 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 26 सितंबर को घटकर 450.75 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार 25 सितंबर को 457.35 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 6.65 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.65 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
बीएसई सेंसेक्स के 30 में 25 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 3.62 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील (Tata Steel), इटरनल (Eternal), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और एशियन पेंट (Asian Paint) के शेयरों में 2.62 फीसदी से लेकर 2.84 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही तेजी
वहीं सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 2.77 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके अलावा टाटा मोटर्स (Tata Motors), आईटीसी (ITC), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयर क्रमश: 0.18 और 1.47 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
3,064 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,280 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,073 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,064 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 143 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 132 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 154 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।