Share Market Today: सेंसेक्स 346 अंक टूटा, शेयर बाजार में निवेशकों के ₹2 लाख करोड़ डूबे

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार 29 दिसंबर को साल के आखिरी कारोबारी हफ्ते की शुरुआत गिरावट के साथ की। बीएसई सेंसेक्स करीब 346 अंक या 0.41 फीसदी टूटकर 84,695.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 100.2 अंक या 0.38 फीसदी गिरकर 25,942.10 के स्तर पर बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है, जब सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए

अपडेटेड Dec 29, 2025 पर 16:19
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार 29 दिसंबर को साल के आखिरी कारोबारी हफ्ते की शुरुआत गिरावट के साथ की। बीएसई सेंसेक्स करीब 346 अंक या 0.41 फीसदी टूटकर 84,695.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 100.2 अंक या 0.38 फीसदी गिरकर 25,942.10 के स्तर पर बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है, जब सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट भी लाल निशान में रहे। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी और बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी टूटकर बंद हुआ।

क्यों गिरा बाजार?
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और क्रूड ऑयल के दाम में उछाल ने निवेशकों के मनोबल को कमजोर बनाए रखा। इसके अलावा साल के आखिरी दिनों में ट्रेडिंग वॉल्यूम कम रहने से निवेशक सतर्क नजर आए। ग्लोबल बाजार से भी मार्केट सेंटीमेंट को आज मजबूती नहीं मिली।

इन शेयरों में दिखी सबसे अधिक गिरावट
मीडिया को छोड़र लगभग सभी मुख्य सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट ऑटो, आईटी, फार्मा, रियल्टी और पावर शेयरों में देखने को मिली। इनके सेक्टोरल इंडेक्स आज 0.4 फीसदी से 0.9 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

निवेशकों के ₹1.89 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 472.09 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 473.97 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 8 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 1.83 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एशियन पेंट्स (Asian Paints), इटरनल (Eternal), एनटीपीसी (NTPC) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर 0.33 फीसदी से लेकर 1.00 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर 2.22 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एचसीएल टेक (HCL Tech), पावरग्रिड (Power Grid), ट्रेंट (Trent) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronics) के शेयरों में 1.26 फीसदी से लेकर 1.86 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,512 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,512 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,568 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,748 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 196 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 115 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 195 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।