Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 26 फरवरी को भी उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। बाजार अपनी शुरुआती बढ़त को संभाल नहीं पाया और लगभग सपाट बंद हुआ। निफ्टी 25,500 के स्तर से नीचे बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी में दिनभर कारोबार एक सीमित दायरे में रहा। बीच-बीच में बिकवाली के दबाव के कारण निफ्टी फिसलकर इंट्राडे में 25,400 तक आ गया। हालांकि, PSU बैंक, हेल्थकेयर और ऑटो शेयरों में खरीदारी से बाजार निचले स्तरों से संभल गया।
कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 27.46 अंक या 0.03% गिरकर 82,248.61 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 14.05 अंक या 0.06% की हल्की बढ़त के साथ 25,496.55 पर बंद हुआ।
सेक्टोरल मोर्चे पर ऑटो, फार्मा, ऑयल एंड गैस, PSU बैंक, टेलीकॉम और मेटल शेयरों में 0.4% से 1% तक की बढ़त देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर मीडिया इंडेक्स 0.7% गिरकर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.6% चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट रहा।
निवेशकों ने ₹1.08 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 468.46 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 467.38 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयरों में 2.21 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), सन फार्मा (Sun Pharma), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) और भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के शेयर 0.78 फीसदी से लेकर 1.45 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी ट्रेंट (Trent) का शेयर 1.61 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं,इटरनल (Eternal), पावरग्रिड (Power Grid), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और एशियन पेंट्स (Asian Paints) के शेयरों में 0.82 फीसदी से लेकर 1.54 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,356 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,356 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,170 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,030 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 156 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 109 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 258 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।