Share Market Today: लगातार तीसरे दिन लुढ़का शेयर बाजार, सेंसेक्स 102 अंक टूटा; मिडकैप-स्मॉलकैप में रही तेजी

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 7 जनवरी को लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुए। कारोबार के दौरान बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिली। सेंसेक्स एक समय 350 अंकों तक नीचे लुढ़क गया था। हालांकि आखिरी घंटे में बाजार ने अपने नुकसान को कुछ हद तक कम करने में सफलता पाई

अपडेटेड Jan 07, 2026 पर 16:12
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 7 जनवरी को लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुए। कारोबार के दौरान बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिली। सेंसेक्स एक समय 350 अंकों तक नीचे लुढ़क गया था। हालांकि आखिरी घंटे में बाजार ने अपने नुकसान को कुछ हद तक कम करने में सफलता पाई। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 102.20 अंक या 0.12 प्रतिशत गिरकर 84,961.14 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 37.95 अंक या 0.14 प्रतिशत गिरकर 26,140.75 के स्तर पर आ गया था।

भू-राजनीतिक तनावों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार का सेंटीमेंट कमजोर रहा। इसके अलावा एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के चलते भी निवेशक सतर्क रहे।

हालांकि ब्राडर मार्केट की चाल इससे उलट रही। बीएसई मिडकैप और बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.47 फीसदी तक की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल इंडेक्सों का प्रदर्शन भी मिलाजुला रहा। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी और फार्मा इंडेक्स में 0.5 फीसदी से लेकर 1.8 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। वहीं ऑयल एंड गैस, रियल्टी और टेलीकॉम इंडेक्समें 0.5 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹25,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 479.85 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 479.60 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 25,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 25,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 12 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाइटन (Titan) के शेयरों में 2.87 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एचसीएल टेक (HCL Tech), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), इंफोसिस (Infosys) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयर 1.28 फीसदी से लेकर 1.75 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 18 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) का शेयर 8.62 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं पावरग्रिड (Power Grid), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 1.81 फीसदी से लेकर 4.42 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,350 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,350 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,108 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,066 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 176 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 140 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 121 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।