Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज 19 अगस्त को लगातार चौथे दिन हरे निशान में बंद हुए। ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों के बीच बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 370.64 अंक या 0.46 फीसदी बढ़कर 81,644.39 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 103.70 अंक या 0.42 फीसदी की तेजी के साथ 24,980.65 के स्तर पर आ गया। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 1 फीसदी तक बढ़कर बंद हुए।
आज के कारोबार के दौरान सबसे अधिक तेजी टेलीकॉम, FMCG, मीडिया, ऑटो और ऑयल एंड गैस शेयरों में देखने को मिली। ये सभी सेक्टोरल इंडेक्स 1 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं दूसरी ओर शेयर इकलौता फार्मा इंडेक्स लाल निशान में रहा।
निवेशकों ने ₹3.52 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 19 अगस्त को बढ़कर 454.48 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 18 अगस्त को 450.96 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.52 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.52 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में 3.50 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), इटर्नल (Eternal) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयर 1.70 फीसदी से लेकर 3.16 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) का शेयर 1.09 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं पावर ग्रिड (Power Grid), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Tech) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) के शेयरों में 0.65 फीसदी से लेकर 0.76% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,630 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,232 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,630 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,437 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 165 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 143 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 65 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।