Share Markets: सेंसेक्स 650 अंक उछला, निफ्टी 25650 के पार: निवेशकों ने एक दिन में ₹3 लाख करोड़ कमाए

Share Market Today: लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों ने आज 16 फरवरी को शानदार वापसी की। सेंसेक्स में 650 अंकों से ज्यादा की तेजी आई। वहीं निफ्टी 25,650 के ऊपर बंद हुआ। हालांकि मिलजुले ग्लोबल संकेतों के बीच बाजार की शुरुआत कमजोर रही थी

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 16:19
Story continues below Advertisement
Share Market Today: लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों ने आज 16 फरवरी को शानदार वापसी की। सेंसेक्स में 650 अंकों से ज्यादा की तेजी आई। वहीं निफ्टी 25,650 के ऊपर बंद हुआ। हालांकि मिलजुले ग्लोबल संकेतों के बीच बाजार की शुरुआत कमजोर रही थी। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 25,400 के नीचे फिसल गया था। हालांकि, पहले ही घंटे में खरीदारी का जोर बढ़ा और बाजार ने तेजी से रिकवरी की।

दिनभर खरीदारी का रुझान बना रहा। खासकर पावर, एनर्जी, रियल्टी और फाइनेंशियल शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। इसी के दम पर निफ्टी 25,700 के करीब तक पहुंच गया और अंत में दिन के ऊपरी स्तरों के पास बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,277.15 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत चढ़कर 25,682.75 पर बंद हुआ।

मिडकैप और स्मॉलकैप का हाल
लार्जकैप शेयरों के मुकाबले ब्रॉडर बाजार का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.5 प्रतिशत चढ़ा। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुआ। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो पावर, पीएसयू बैंक, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, इंफ्रा, कैपिटल गुड्स और एनर्जी शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर मीडिया और ऑटो इंडेक्स में 0.5 से 1 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹3.01 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 468.47 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 465.46 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.01 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.01 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में 4.45 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), एक्सिस बैंक (Axis Bank), एनटीपीसी (NTPC) और आईटीसी (ITC) के शेयर 1.39 फीसदी से लेकर 2.19 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 10 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) का शेयर 1.44 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, क्वालिटी वॉल्स (KWIL), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), ट्रेंट (Trent) के शेयरों में 0.78 फीसदी से लेकर 1.30 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,496 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,496 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,793 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,510 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 193 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 106 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 211 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।