Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी सपाट हुए बंद, फिर भी ₹30,000 करोड़ के मुनाफे में रहे निवेशक

Share Market Today: लगातार दो दिनों की तेजी के बाद आज 23 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजारों में लगभग सपाट कारोबार देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 42.63 अंक या 0.05 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 85,524.84 के स्तर पर बंद हुए। वहीं दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स 4.75 अंक या 0.018 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 26,177.15 के स्तर पर बंद हुए

अपडेटेड Dec 23, 2025 पर 16:14
Story continues below Advertisement
Share Market Today: लगातार दो दिनों की तेजी के बाद आज 23 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजारों में लगभग सपाट कारोबार देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 42.63 अंक या 0.05 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 85,524.84 के स्तर पर बंद हुए। वहीं दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स 4.75 अंक या 0.018 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 26,177.15 के स्तर पर बंद हुए। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि दो दिनों की तेजी के बाद आज चुनिंदा सेक्टर में मुनाफावसूली और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते बाजार दबाव में रहा। इसके अलावा निफ्टी की एक्सपायरी के चलते भी बाजार में उतार-चढ़ा बना रहा।

हालांकि ब्रॉडर मार्केट हरे निशान में बंद हुए। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.07 प्रतिशत और बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.38 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति में आज करीब 30,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

सेक्टोरल इंडेक्स का प्रदर्शन भी मिलाजुला रहा। सबसे अधिक बिकवाली आईटी, फार्मा, सरकारी बैंकों और रियल्टी शेयरों में देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर मेटल, यूटिलिटी और FMCG शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹30,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 475.62 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 475.32 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 30,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 30,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें आईटीसी (ITC) के शेयरों में 1.27 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), टाटा स्टील (Tata Steel), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयर 0.78 फीसदी से लेकर 1.24 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इंफोसिस (Infosys) का शेयर 1.28 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं भारती एयरटेल (Bharti Airtel), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), सन फार्मा (Sun Pharma) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में 0.88 फीसदी से लेकर 0.97 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,365 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,365 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,291 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,893 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 181 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 107 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 85 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।