Share Markets: बजट के झटके से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 944 अंक उछला; निवेशकों ने ₹5 लाख करोड़ कमाए

Share Market Today: बजट 2026 के दिन आई तेज गिरावट के बाद शेयर बाजार ने आज 2 फरवरी को शानदार वापसी की। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार दोपहर बाद जबरदस्ती खरादीरी लौटी। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,666.46 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर पहुंच गया

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 16:22
Story continues below Advertisement
Share Market Today: बजट 2026 के दिन आई तेज गिरावट के बाद शेयर बाजार ने आज 2 फरवरी को शानदार वापसी की। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार दोपहर बाद जबरदस्ती खरादीरी लौटी। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,666.46 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर पहुंच गया। इस रिकवरी के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

हालांकि शुरुआती कारोबार में मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच शेयर बाजार में गिरावट दिखी। निवेशक बजट के ऐलानों को समझने की कोशिश में सतर्क दिखे। हालांकि जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, बाजार में भरोसा लौटता गया और दोपहर बाद से लगातार खरीदारी देखने को मिली। इससे बाजार ने एक दिन पहले बजट के दिन आई गिरावट की काफी हद तक भरपाई की।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में FMCG, मेटल, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि आईटी सेक्टर इस तेजी से अछूता रहा और आईटी इंडेक्स में करीब 0.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों ने ₹4.63 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 455.23 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 450.61 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब ₹4.63 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹4.63 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में 7.61 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयर 2.86 फीसदी से लेकर 4.76 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एक्सिस बैंक (Axis Bank) का शेयर 2.00 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंफोसिस (Infosys), टीसीएस (TCS), ट्रेंट (Trent) और टाइटन (Titan) के शेयरों में 0.27 फीसदी से लेकर 1.85 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,428 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,428 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,037 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,220 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 171 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 76 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 360 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।